शिक्षिका के थप्पड़ से मासूम का फटा कान का पर्दा! शिकायत पर स्कूल ने थमा दी TC, कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश

टीकमगढ़। जिले के प्रतिष्ठित ‘पुष्पा इंग्लिश मीडियम स्कूल’ से एक गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। कक्षा 1 में पढ़ने वाली मासूम छात्रा सांभवी के परिजनों ने आरोप लगाया है कि स्कूल की अध्यापिका अमृता सिंह की पिटाई से उनकी बेटी के कान का पर्दा फट गया है। पीड़ित पिता की शिकायत के बाद जिला कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।

डॉक्टर की रिपोर्ट में कान के पर्दे में छेद की पुष्टि

छात्रा के पिता राजेश तिवारी के अनुसार, घटना 15 जुलाई की है। शिक्षिका अमृता सिंह द्वारा मारपीट किए जाने के बाद से ही मासूम बेटी लगातार कान में तेज दर्द की शिकायत कर रही थी। जब परिजनों ने उसे विशेषज्ञ डॉक्टर को दिखाया और जांच कराई, तो डॉक्टर ने बताया कि कान के पर्दे में छेद (Rupture) हो गया है।

परिजनों का गंभीर आरोप: “इलाज कराने के बजाय थमा दी TC”

पिता राजेश तिवारी का आरोप है कि जब उन्होंने डॉक्टर की रिपोर्ट के साथ स्कूल प्रबंधन से शिकायत की, तो पहले प्रबंधन ने इलाज में सहयोग की बात कही। लेकिन बाद में मदद करने के बजाय स्कूल ने बच्ची का नाम काटकर परिजनों को टीसी थमा दी और आरोपी शिक्षिका का बचाव करने लगे। न्याय न मिलने पर मजबूरन परिजनों को कलेक्टर की चौखट पर गुहार लगानी पड़ी।

स्कूल प्रबंधन की सफाई: “टीचर ने मारा था, पर परिजनों ने खुद मांगी TC”

पूरे मामले पर जब स्कूल प्रबंधन से पक्ष लिया गया, तो उन्होंने माना कि शिक्षिका ने बच्ची को थप्पड़ मारा था। हालांकि, प्रबंधन का दावा है कि उन्होंने बच्ची के इलाज के लिए स्थानीय ईएनटी (ENT) विशेषज्ञों से बात की थी, लेकिन परिजन ग्वालियर में इलाज कराने पर अड़े थे। वहीं, टीसी थमाने के आरोप पर स्कूल का कहना है कि परिजनों ने स्वयं नाम काटने का आवेदन दिया था।

कलेक्टर द्वारा जांच टीम गठित किए जाने के बाद अब इस पूरे मामले में विभागीय कार्रवाई का इंतजार है।

Youthwings