शिक्षकों के तेवर देख बैकफुट पर सरकार? डेढ़ लाख में से सिर्फ 4 हजार ने भरा TET फॉर्म, तीसरी बार बढ़ानी पड़ी तारीख!

भोपाल। मध्य प्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) के आवेदन को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। टीईटी परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तारीख एक बार फिर आगे बढ़ा दी गई है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज फॉर्म भरने का आखिरी दिन था, लेकिन आवेदनों की बेहद कम संख्या को देखते हुए परीक्षा की अंतिम तिथि अब 11 अक्टूबर 2026 तक बढ़ा दी गई है।

तीसरी बार बढ़ाई गई अंतिम तारीख, यह है मुख्य वजह

यह लगातार तीसरा मौका है जब टीईटी परीक्षा के आवेदन की तारीख आगे बढ़ाई गई है। दरअसल, परीक्षा के लिए उम्मीद के मुताबिक आवेदन नहीं आ रहे हैं। इसी सुस्त रफ्तार और कम संख्या को ध्यान में रखते हुए तारीख को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया है, ताकि जो शिक्षक या अभ्यर्थी अब तक फॉर्म नहीं भर पाए हैं, वे अपना पंजीकरण पूरा कर सकें।

डेढ़ लाख सरकारी शिक्षक दायरे में, पर आवेदन सिर्फ 4 हजार

आंकड़ों पर नजर डालें तो स्थिति काफी चौंकाने वाली है। प्रदेश में करीब डेढ़ लाख सरकारी शिक्षक टीईटी के दायरे में आ रहे हैं। इसके बावजूद अब तक कुल मिलाकर महज 22 हजार आवेदन ही जमा हुए हैं।

हैरानी की बात यह है कि इन 22 हजार आवेदनों में से सरकारी शिक्षकों की संख्या सिर्फ 4 हजार है। यानी डेढ़ लाख के बड़े आंकड़े के मुकाबले अब तक सिर्फ 4 हजार सरकारी शिक्षकों ने ही परीक्षा के लिए फॉर्म भरा है।

11 अक्टूबर तक मिला नया मौका

तारीख आगे बढ़ने के बाद अब उन सभी शिक्षकों और अभ्यर्थियों को राहत मिली है जो समय सीमा समाप्त होने के कारण परेशान थे। अब 11 अक्टूबर तक पोर्टल के माध्यम से टीईटी परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन जमा किए जा सकेंगे।

Youthwings