सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026: साल में 2 बार होगी PSC परीक्षा, 12 मेडिकल कॉलेज और स्किल यूनिवर्सिटी का बड़ा ऐलान
भोपाल। राजधानी भोपाल के ऐतिहासिक लाल परेड ग्राउंड में आयोजित ‘सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026’ में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के युवाओं के लिए घोषणाओं की झड़ी लगा दी। मुख्यमंत्री ने युवाओं के साथ सीधा संवाद करते हुए आगामी वर्ष 2027 को ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाने की घोषणा की। इस भव्य समागम में जहां एक ओर मशहूर गायक जुबिन नौटियाल और कबीर कैफे की धुनों पर युवा थिरकते नजर आए, वहीं दूसरी ओर मंच पर एआई ह्यूमनाइड रोबोट ‘बडी’ और पारंपरिक संस्कृति के अनूठे संगम ने नए मध्य प्रदेश की तस्वीर पेश की।
साल में दो बार पीएससी और कॉलेजों में फ्री कोचिंग का ऐलान
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि अब मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की परीक्षा साल में दो बार आयोजित कराई जाएगी, जिसमें एक नियमित और एक विशेष परीक्षा शामिल होगी। इसके साथ ही प्रदेश के सभी शासकीय महाविद्यालयों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नि:शुल्क कोचिंग कक्षाएं शुरू की जाएंगी। उच्च शिक्षा में शोध को बढ़ावा देने के लिए शोधार्थियों को मिलने वाली फेलोशिप राशि को 16 हजार रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह करने का निर्णय लिया गया है।
12 नए मेडिकल कॉलेज और 12 स्किल यूनिवर्सिटी की सौगात
स्वास्थ्य और रोजगारोन्मुखी शिक्षा के ढांचे को मजबूत करने के लिए वर्ष 2027 में हर महीने एक मेडिकल कॉलेज शुरू करने की योजना बनाई गई है, जिसके तहत कुल 12 नए मेडिकल कॉलेज और 12 कौशल विकास विश्वविद्यालय खोले जाएंगे। सरकारी कॉलेजों में अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और एडवांस कंप्यूटिंग लैब स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा स्नातकोत्तर स्तर की छात्राओं को भी अब ‘गांव की बेटी’ और ‘प्रतिभा किरण’ योजना के दायरे में शामिल किया जाएगा।
युवाओं के सवालों पर बोले सीएम: ‘एआई सिटी से लेकर हर विधानसभा में स्टेडियम’
कॉन्क्लेव के दौरान खुली परिचर्चा में युवाओं द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने विकास का विस्तृत रोडमैप सामने रखा। कृषि में नवाचार के सवाल पर उन्होंने बताया कि प्रदेश में फूड प्रोसेसिंग वैल्यू चेन और कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है। एआई और स्टार्टअप्स को लेकर उन्होंने कहा कि भोपाल में एआई सिटी विकसित हो रही है और सरकार स्टार्टअप्स के लिए 5 लाख रुपये तक की सब्सिडी के साथ 5 करोड़ रुपये का आइडिया फंड तैयार कर रही है। वहीं खेल ढांचे पर चर्चा करते हुए उन्होंने हर विधानसभा क्षेत्र में स्टेडियम निर्माण और भोपाल में विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तैयार करने की बात कही।
एयर कनेक्टिविटी, नशामुक्ति और 2027 में फिर जीआईएस का विजन
प्रदेश की अधोसंरचना पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा, सतना और दतिया के बाद अब प्रदेश भर में हर 150 किलोमीटर पर एयर स्ट्रिप की सुविधा विकसित करने पर काम चल रहा है। वर्ष 2029 तक मध्य प्रदेश को पूर्णतः नशामुक्त बनाने का संकल्प दोहराते हुए उन्होंने घोषणा की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में वर्ष 2027 में दोबारा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस दौरान 15 से अधिक विभागों की प्रदर्शनियों के जरिए युवाओं को कौशल और रोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।
