नौरादेही बना चीतों का तीसरा घर: सीएम मोहन यादव ने छोड़े ‘वियोम और नीरा’, बोले- ‘हम चीता छोड़ रहे, मोदी जी देश के टाइगर’
भोपाल/सागर। मध्य प्रदेश के वन्यजीव इतिहास में 7 अक्टूबर का दिन एक नए अध्याय के रूप में दर्ज हो गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर जिले में स्थित नौरादेही (वीरांगना दुर्गावती) टाइगर रिजर्व में दो चीतों को बाड़े में रिलीज किया, जिनका नामकरण ‘वियोम’ और ‘नीरा’ किया गया है। कूनो नेशनल पार्क और गांधी सागर अभयारण्य के बाद नौरादेही अब प्रदेश में चीतों का तीसरा बड़ा आशियाना बन गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने “वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह” के समापन कार्यक्रम में गिद्ध संख्या आंकलन-2026 रिपोर्ट जारी की और बुंदेलखंडी भाषा में लिखी गई पुस्तक ‘वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व’ का विमोचन भी किया।
बाघ और चीते रहेंगे एक साथ, ग्रामीणों को मिला पर्यटन का 20 करोड़
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नौरादेही की भौगोलिक विशिष्टता रेखांकित करते हुए कहा कि कूनो और गांधी सागर में चीतों को अन्य हिंसक मांसाहारी जीवों से अलग रखा गया था, लेकिन नौरादेही में पहले से मौजूद बाघों के बीच चीतों को बसाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस इलाके में लगभग 170 वर्ष पूर्व चीते मौजूद थे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने स्थानीय ग्रामीणों के आर्थिक हितों पर जोर देते हुए बताया कि प्रदेश के अभयारण्यों से जुटाए गए 80 करोड़ रुपये के राजस्व में से 20 करोड़ रुपये सीधे स्थानीय ग्रामीणों और वन समितियों में वितरित किए गए हैं। सरकार बफर जोन के रहवासियों को होम स्टे शुरू करने के लिए 2 से 3 लाख रुपये का अनुदान भी दे रही है।
‘प्रदेश में चीतों का कुनबा बढ़कर हुआ 60, अगले महीने आएंगे दो और’
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में 2022 में शुरू हुए चीता प्रोजेक्ट ने अभूतपूर्व सफलता हासिल की है। शुरुआत में नामीबिया और दक्षिण अफ्रीका से लाए गए चीतों के बाद अब राज्य में इनकी कुल संख्या बढ़कर 60 तक पहुंच चुकी है। डॉ. यादव ने ऐलान किया कि अगले महीने नौरादेही में दो और चीते छोड़े जाएंगे, जिससे यहां इनकी संख्या चार हो जाएगी और कुनबा तेजी से आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश न सिर्फ चीता स्टेट और टाइगर स्टेट है, बल्कि देश में सर्वाधिक गिद्धों और घड़ियालों का संरक्षण भी यहीं हो रहा है।
‘मोदी जी देश के टाइगर हैं’: राहुल गांधी पर साधा तीखा निशाना
समारोह के मंच से मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय राजनीति पर बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का भी उल्लेख किया। डॉ. यादव ने कहा कि जहां वे प्रदेश के जंगलों में चीते छोड़ रहे हैं, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैश्विक मंच पर ‘टाइगर’ बनकर भारत का मान बढ़ा रहे हैं। उन्होंने रूस और चीन के राष्ट्रपतियों के बीच पीएम मोदी की मौजूदगी का हवाला दिया। वहीं कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि देश में कुछ लोग सत्ता चले जाने की हताशा में अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं और समझदारी से कोसों दूर हैं।
