छात्रा से गंदी हरकत का आरोप, भीड़ ने शिक्षक को पेड़ से बांधकर लाठियों-रस्सियों से पीटा; वीडियो वायरल

रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के ताल थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार करने वाली और कानून को हाथ में लेने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक शिक्षक पर नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पेड़ से बांधकर रस्सी व लाठियों से बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोप, भीड़ ने दी ‘सजा’

यह पूरा घटनाक्रम 3 अक्टूबर का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, शिक्षक पर एक नाबालिग छात्रा के साथ अश्लील हरकत और छेड़छाड़ करने के गंभीर आरोप लगे थे। जैसे ही यह बात इलाके में फैली, आक्रोशित परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने शिक्षक को घेर लिया। आक्रोशित भीड़ ने कानून की परवाह किए बिना शिक्षक को घसीटकर एक पेड़ से रस्सी के सहारे बांध दिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी।

आरोपी शिक्षक गिरफ्तार होकर पहुंचा जेल

घटना की सूचना मिलते ही ताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शिक्षक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में लिया। पुलिस ने नाबालिग छात्रा के परिजनों की शिकायत पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ छेड़छाड़ और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया। अदालत में पेश करने के बाद आरोपी शिक्षक को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस की कार्रवाई पर उठे गंभीर सवाल

इस मामले में ताल पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। दरअसल, पेड़ से बंधे शिक्षक की पिटाई के बाद उसकी शिकायत पर पुलिस ने मारपीट करने वालों के खिलाफ मामला तो दर्ज किया, लेकिन एफआईआर अज्ञात लोगों के नाम पर की गई है। दूसरी तरफ, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में शिक्षक को रस्सी से बांधने और लाठियों से पीटने वाले चेहरों को साफ तौर पर देखा और पहचाना जा सकता है। वीडियो साक्ष्य मौजूद होने के बावजूद आरोपियों को ‘अज्ञात’ बताए जाने से पुलिस की निष्पक्षता और मंशा पर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है।

Youthwings