फरार मॉडल श्रद्धा दुबे पर बढ़ा इनाम, अब ₹50 हजार की इनामी; वीडियो जारी कर बोली- हत्या नहीं, आत्महत्या थी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा मौत मामले में पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में लंबे समय से फरार चल रही मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे और उसके सहयोगियों पर पुलिस कमिश्नरेट ने शिकंजा कसते हुए इनाम की राशि बढ़ाकर 50-50 हजार रुपये कर दी है। इससे पहले पुलिस ने इन फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था, लेकिन आरोपियों की लगातार गैरमौजूदगी और गिरफ्तारी न होने के चलते इनामी राशि दोगुनी कर दी गई है।
जारी हो चुका है गैर-जमानती वारंट
इस मामले में न्यायिक स्तर पर भी आरोपियों की मुश्किलें बढ़ चुकी हैं। लखनऊ की मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) अदालत ने फरार मॉडल श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और तनवीर अली उर्फ दानिश के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी कर दिया है। पुलिस की विशेष टीमें आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं, लेकिन आरोपी अभी तक गिरफ्त से बाहर हैं। इस बीच ऐसी सूचनाएं भी सामने आई हैं कि गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए श्रद्धा दुबे पड़ोसी देश नेपाल में शरण लिए हुए है।
फरार मॉडल ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दी सफाई
पुलिस की घेराबंदी और बढ़ते दबाव के बीच आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे ने सोशल मीडिया पर एक नया वीडियो जारी कर खुद को निर्दोष बताया है। वीडियो में श्रद्धा ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा, “मैं श्रद्धा दुबे हूं, जिसका नाम शिवा की हत्या के मामले में घसीटा जा रहा है। मेरा इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है। वह कोई हत्या नहीं थी, बल्कि आत्महत्या थी। मैंने खुद अपनी आंखों से शिवा को बालकनी से नीचे कूदते देखा था।” इसके साथ ही श्रद्धा ने दावा किया कि शिवा गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहा था और उस पर लगभग 15 से 20 लाख रुपये का भारी कर्ज था।
मां का सीधा आरोप: ‘यह खुदकुशी नहीं, सोची-समझी हत्या है’
दूसरी ओर, मृतक शिवा शर्मा की मां ने इस पूरे मामले को सुनियोजित हत्याकांड करार दिया है। पुलिस को दी गई अपनी लिखित शिकायत में मृतक की मां ने आरोप लगाया है कि श्रद्धा दुबे और उसके साथियों ने मिलकर शिवा की हत्या की है और इसे आत्महत्या का रूप देने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने श्रद्धा दुबे को शिवा की लिव-इन पार्टनर बताते हुए कहा कि रिश्ते और पैसों के विवाद के चलते उनके बेटे को मौत के घाट उतारा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास तेज हैं और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
