चित्रकूट में झूरी नदी में गिरी तीर्थयात्रियों की बोलेरो: 2 श्रद्धालुओं की मौत, 4 घायल
सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले अंतर्गत चित्रकूट थाना क्षेत्र में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कानपुर से मैहर दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बोलेरो अनियंत्रित होकर झूरी नदी में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में वाहन सवार दो तीर्थयात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के वक्त वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए नदी के पानी में उतरकर बचाव कार्य किया और घायलों को बाहर निकाला।
तड़के 3 बजे अनियंत्रित होकर नदी में गिरी गाड़ी, राहगीरों ने किया रेस्क्यू
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा रविवार सुबह करीब 3 बजे हुआ जब सड़क पर अंधेरा था। बोलेरो अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सीधे झूरी नदी के पुल से नीचे गिर पड़ी। वाहन गिरते ही चीख-पुकार मच गई। उसी दौरान सड़क से पैदल गुजर रहे अन्य तीर्थयात्रियों ने बिना समय गंवाए नदी में छलांग लगा दी और बोलेरो में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और सभी को तत्काल चित्रकूट के जानकीकुंड अस्पताल भिजवाया।
कानपुर से मैहर शारदा मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे श्रद्धालु
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बोलेरो सवार सभी छह लोग उत्तर प्रदेश के कानपुर के निवासी हैं। वे सभी कानपुर से मैहर स्थित मां शारदा देवी के दर्शन के लिए निकले थे। चित्रकूट सीमा पार करते समय यह हादसा घटित हुआ। डॉक्टरों ने दो यात्रियों को मृत घोषित कर दिया, जबकि मामूली रूप से घायल चार अन्य यात्रियों का जानकीकुंड अस्पताल में प्राथमिक उपचार चल रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और वाहन के अनियंत्रित होने के कारणों की जांच कर रही है।
