लखनऊ में कांग्रेस दफ्तर में भारी बवाल: पदभार ग्रहण के दौरान चले जूते-चप्पल, प्रेस कॉन्फ्रेंस छोड़ निकले राय
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में रविवार को नए नेतृत्व के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान अप्रत्याशित हंगामा खड़ा हो गया। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के कार्यभार संभालने के मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में ही भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दफ्तर के भीतर जमकर धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और जूते-चप्पल तक चलने लगे। करीब 10 मिनट से अधिक समय तक चले इस हंगामे के चलते पार्टी कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
नारेबाजी को लेकर शुरू हुआ विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद की शुरुआत पदभार ग्रहण समारोह के दौरान नारेबाजी को लेकर हुई। मंच और सभागार में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के समर्थक उनके पक्ष में जोरदार नारेबाजी करने लगे, जिस पर नवनियुक्त अध्यक्ष आराधना मिश्रा के खेमे के कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई जो कुछ ही पलों में हिंसक टकराव में बदल गई। इसी गहमागहमी के दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के साथ भी धक्का-मुक्की और बदसलूकी की बात सामने आई। हालात बेकाबू होते देख वहां मौजूद वरिष्ठ नेताओं ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराने और नाराज नेताओं को समझाने का प्रयास किया।
महिला नेता से कहासुनी के बाद भड़का मामला
सूत्रों के मुताबिक, विवाद की चिंगारी उस वक्त और भड़क गई जब कांग्रेस की एक महिला नेता और अजय राय के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हो गई। इसके तुरंत बाद दोनों नेताओं के समर्थक आमने-सामने आ गए और हाथापाई शुरू हो गई। इस पूरे घटनाक्रम और कथित बदसलूकी से आहत पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय कार्यक्रम के बाद आयोजित आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल नहीं हुए और वहां से चले गए। नए नेतृत्व के स्वागत के पहले ही दिन पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच हुई इस गुटबाजी और खुले टकराव ने संगठन की अनुशासन व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
