सस्पेंस बना बेंगलुरु का ट्रैकिग ट्रिप: मंगेतर से फोन पर बात की और गायब हो गया इंदौर का युवक, CCTV में दिखा आखिरी सुराग

इंदौर। बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड स्थित एक फाइनेंस कंपनी में काम करने वाला इंदौर का 31 वर्षीय युवक अद्वैत उपाध्याय के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से हड़कंप मच गया है। शुक्रवार सुबह नेलमंगला तालुक स्थित शिवगंगे की पहाड़ी पर ट्रेकिंग के लिए निकला अद्वैत अचानक गायब हो गया। आखिरी बार उसने अपनी मंगेतर से फोन पर बात की थी, जिसके तुरंत बाद से उसका मोबाइल बंद आ रहा है।

अद्वैत का अचानक संपर्क टूटने और कोई सुराग न मिलने से चिंतित परिवार ने अपहरण की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस मामले की हर कोण से जांच कर रही है।

CCTV फुटेज में दिखा आखिरी सुराग, तलहटी में मिली बाइक

पुलिस जांच में सामने आया कि अद्वैत शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे अपनी किराए की मोटरसाइकिल से शिवगंगे पहाड़ी पहुंचा था। उसने अपनी बाइक पहाड़ी की तलहटी में पार्क की और पैदल ही ऊपर ट्रेकिंग के लिए निकल गया।

इलाके के CCTV कैमरों की जांच करने पर अद्वैत को पहाड़ी की ओर जाते हुए देखा गया है। हालांकि, उसके बाद वह कहां गया, इसका कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिला है।

जानकारी के मुताबिक ट्रैकिग के दौरान अद्वैत ने अपनी मंगेतर को कॉल किया था। यह उसकी अंतिम बातचीत साबित हुई क्योंकि इसके बाद से ही उसका फोन बंद हो गया और परिजनों का संपर्क पूरी तरह टूट गया।

बेंगलुरु पुलिस ने दर्ज की FIR, सर्च ऑपरेशन तेज

मामले की गंभीरता को देखते हुए बेंगलुरु के कडुगोडी पुलिस स्टेशन में अद्वैत की गुमशुदगी का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की विशेष टीमें शिवगंगे की पहाड़ियों, जंगलों और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। इसके साथ ही मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स जैसे तकनीकी साक्ष्यों की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश जारी है।

इंदौर पुलिस भी हुई सक्रिय

सोशल मीडिया के जरिए मामला सामने आने के बाद इंदौर पुलिस भी अलर्ट मोड पर आ गई है। इंदौर पुलिस अपने स्तर पर बेंगलुरु पुलिस से लगातार संपर्क साध रही है ताकि अद्वैत के स्थानीय पते, दोस्तों और गतिविधियों की जानकारी साझा की जा सके।

इंदौर पुलिस का कहना है कि हालांकि अभी तक परिजनों ने आधिकारिक तौर पर उनसे संपर्क नहीं किया है, लेकिन जैसे ही परिवार मदद मांगेगा, बेंगलुरु प्रशासन के साथ पूरा समन्वय स्थापित किया जाएगा।

Youthwings