निजी पल बिता रहे कपल पर पर्दे के छेद से थी नजर! पेंच के मशहूर रिजॉर्ट में प्राइवेसी पर उठे सवाल, पुलिस में शिकायत
सिवनी (पेंच)। मध्य प्रदेश के मशहूर पेंच टाइगर रिजर्व क्षेत्र स्थित एक निजी रिजॉर्ट में ठहरे कपल ने अपनी प्राइवेसी में सेंध लगाने का बेहद गंभीर आरोप लगाया है। नागपुर से घूमने आए कपल का दावा है कि जब वे कमरे में अपने निजी पल बिता रहे थे, तब पर्दे में बने एक छोटे से छेद से कोई अज्ञात व्यक्ति उन्हें चुपके से देख रहा था। कपल ने रिजॉर्ट के कर्मचारियों द्वारा छिपकर वीडियो बनाए जाने की गंभीर आशंका जताई है।
रिजॉर्ट प्रबंधन के बाद पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
घटना के तुरंत बाद कपल ने सबसे पहले इसकी सूचना रिजॉर्ट प्रबंधन को दी, लेकिन वहां से संतोषजनक जवाब न मिलने पर मामला पुलिस तक पहुंच गया। कपल ने घटना की लिखित शिकायत कुरई थाना पुलिस में दर्ज कराई है।
पुलिस ने जांच शुरू की, कमरे और पर्दे की हो रही पड़ताल
शिकायत मिलने के बाद कुरई पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर संबंधित कमरे, पर्दे में बने कथित छेद और रिजॉर्ट के आसपास के इलाके की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की सच्चाई और वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
