12 साल की बेटी को तालाब में डुबोकर मारा, 10 साल के बेटे ने तैरकर ग्रामीणों को बताई पिता की खौफनाक सच्चाई

इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। कनाडिया थाना क्षेत्र के हिंगोनिया गांव में एक व्यक्ति ने पारिवारिक विवाद और चरित्र शंका के चलते पहले अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और फिर अपने ही दो मासूम बच्चों को तालाब में फेंक दिया। इस खौफनाक वारदात में 12 वर्षीय बेटी की मौत हो गई जबकि 10 साल के बेटे ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली।

चरित्र शंका में उजाड़ा अपना ही परिवार

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी पति का नाम सुनील चौहान है। उसका अपनी पत्नी अनिता के साथ किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी पत्नी पर चरित्र को लेकर शंका करता था। इसी विवाद के चलते सुनील ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए पत्नी अनिता को मौत के घाट उतार दिया।

बच्चों के साथ की दरिंदगी

पत्नी की हत्या करने के बाद भी आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने अपनी 12 वर्षीय बेटी माही और 10 वर्षीय बेटे अजय को साथ लेकर हिंगोनिया गांव के तालाब के पास पहुंचा। वहां ले जाकर इस कलयुगी पिता ने दोनों मासूम बच्चों को गहरे तालाब में फेंक दिया।

बेटे की बहादुरी से सामने आया सच

तालाब में फेंके जाने के बाद 10 वर्षीय अजय ने हार नहीं मानी। वह किसी तरह पानी में तैरकर बाहर निकलने में कामयाब हो गया। बाहर आने के बाद घबराए हुए अजय ने ग्रामीणों को अपने पिता की इस खौफनाक करतूत की जानकारी दी।

SDRF का रेस्क्यू और आरोपी गिरफ्तार

बच्चे की बात सुनकर सन्न रह गए ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और SDRF की टीम मौके पर पहुंच गई। तालाब में डूबी 12 वर्षीय माही को तलाशने के लिए रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। अलसुबह SDRF की टीम ने बच्ची का शव तालाब से बाहर निकाला।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सुनील चौहान ने खुद को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने समय रहते उसे हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सख्ती से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है और मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

Youthwings