नितिन नबीन की नई ब्रिगेड में एमपी के 6 चेहरों की एंट्री, साध लिए मालवा से चंबल तक के समीकरण
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की नई राष्ट्रीय टीम में मध्य प्रदेश का राजनीतिक दबदबा साफ नजर आ रहा है। देश भर में उत्तर प्रदेश के साथ सबसे ज्यादा तवज्जो मध्य प्रदेश को दी गई है। पार्टी ने राज्य से 6 बड़े चेहरों को राष्ट्रीय संगठन में शामिल कर ‘महिला, किसान और युवा’ के सामाजिक मॉडल को मजबूती से जमीन पर उतारा है।इस नई कार्यकारिणी के माध्यम से केंद्रीय नेतृत्व ने न केवल सामाजिक संतुलन साधा है, बल्कि मालवा, निमाड़, चंबल और बुंदेलखंड जैसे प्रमुख राजनीतिक अंचलों के क्षेत्रीय गणित को भी साध लिया है।
पीएम मोदी के सामाजिक विजन पर टिका एमपी का ‘सुपर-6’ ढांचा
भाजपा ने मध्य प्रदेश के अनुभवी और जमीनी नेताओं को संगठन की मुख्यधारा में लाकर अहम पद सौंपे हैं:
गजेंद्र सिंह पटेल (राष्ट्रीय महामंत्री): खरगोन-बड़वानी से सांसद गजेंद्र पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री की बड़ी जिम्मेदारी मिली है। वे निमाड़ अंचल से आदिवासी (ST) समुदाय का मजबूत और चर्चित चेहरा हैं।
लाल सिंह आर्य (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष): पूर्व मंत्री और अनुसूचित जाति (SC) मोर्चे के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य को पार्टी ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया है।
कविता पाटीदार (राष्ट्रीय मंत्री): इंदौर से आने वाली राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार के रूप में मालवा क्षेत्र से महिला और पिछड़ा वर्ग (OBC) दोनों को ही सीधी भागीदारी दी गई है।
विष्णुदत्त (VD) शर्मा (राष्ट्रीय संयोजक – प्रकोष्ठ संकुल): खजुराहो सांसद और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को देशभर के सभी प्रकोष्ठों के बीच तालमेल बैठाने के लिए राष्ट्रीय संयोजक की कमान सौंपी गई है। वे ब्राह्मण वर्ग और संघ पृष्ठभूमि के प्रमुख प्रतिनिधि हैं।
आशीष ऊषा अग्रवाल (राष्ट्रीय सह-मीडिया प्रभारी): कॉर्पोरेट पृष्ठभूमि (MBA, MA) से आए 43 वर्षीय आशीष अग्रवाल मध्य प्रदेश के पहले प्रदेश मीडिया प्रभारी हैं, जिन्हें सीधे केंद्रीय मीडिया टीम में ‘राष्ट्रीय सह-मीडिया प्रभारी’ की भूमिका दी गई है।
बंशीलाल गुर्जर (किसान मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष): मंदसौर-मालवा से राज्यसभा सांसद और किसान कल्याण आयोग के पूर्व अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर को भाजपा किसान मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद सौंपा गया है।
