हाई कोर्ट के कड़े रुख के बाद जागी सरकार! जानिए MP में छात्रसंघ चुनाव को लेकर क्या बोले बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष?

भोपाल। मध्य प्रदेश के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में पढ़ाई कर रहे लाखों युवाओं और उभरते छात्र नेताओं के लिए बड़ी खबर है। राज्य में पिछले नौ सालों से थमा छात्र राजनीति का चक्र आखिरकार फिर से घूमने वाला है। आगामी सितंबर महीने में प्रस्तावित छात्रसंघ चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक हेमंत खंडेलवाल ने बेहद अहम संकेत दिए हैं। उनके बयान के अनुसार, सरकार इस बार प्रत्यक्ष प्रणाली से चुनाव कराने की दिशा में विचार कर रही है।

क्या है सरकार का प्लान?

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने स्पष्ट किया कि सितंबर में चुनाव कराना तय है, लेकिन इसके तौर-तरीके और प्रणाली को अंतिम रूप देने के लिए सरकार जल्द ही प्रमुख छात्र संगठनों के साथ बैठक कर चर्चा करेगी।

दरअसल प्रदेश के दो प्रमुख छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) लंबे समय से मांग कर रहे हैं कि चुनाव सीधे छात्रों के वोटों से ही कराए जाएं न कि प्रतिनिधियों के माध्यम से।

हाई कोर्ट की सख्ती के बाद जागा विभाग

गौरतलब है कि प्रदेश में आखिरी बार छात्रसंघ चुनाव वर्ष 2017 में आयोजित किए गए थे। इसके बाद से विभिन्न कारणों से चुनाव टलते रहे। हाल ही में मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय (High Court) ने सितंबर माह में हर हाल में चुनाव संपन्न कराने के कड़े निर्देश दिए थे, जिसके बाद उच्च शिक्षा विभाग तैयारियों में जुट गया है।

Youthwings