बारिश भी नहीं रोक सकी युवाओं का जोश! CM मोहन ने तिरंगा लहराकर यात्रा को किया रवाना, गूंजे ‘भारत माता की जय’ के नारे

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल रविवार की सुबह पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। टीटी नगर स्टेडियम से एक विशाल ‘तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया गया, जिसे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान भारी बारिश के बावजूद सैकड़ों युवाओं, छात्रों और नागरिकों का उत्साह कम नहीं हुआ और पूरे मार्ग में ‘भारत माता की जय’ के नारे गूंजते रहे।

वहीं सीएम डॉ. मोहन यादव ने मंच पर तिरंगा फहराकर युवाओं में जोश भरा और उन्हें जीवनभर राष्ट्रसेवा करने का संकल्प दिलाया। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री निवास पर भी ध्वजारोहण कर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया।

महात्मा गांधी के आंदोलनों को किया याद

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज पूरे देश में देशभक्ति की अलख जग रही है। महात्मा गांधी के ‘असहयोग आंदोलन’ और ‘अंग्रेजों भारत छोड़ो’ अभियान की तर्ज पर आज देश के कोने-कोने में नागरिक तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के लंबे संघर्ष व बलिदान के बदौलत ही देश को स्वतंत्रता मिली है। आज इंद्र देवता भी बारिश के रूप में सभी देशभक्तों का स्वागत कर रहे हैं।

दिग्गज नेता और हजारों छात्र हुए शामिल

इस आयोजन में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, खेल मंत्री विश्वास सारंग, राज्य मंत्री कृष्णा गौर, विधायक भगवानदास सबनानी और बीजेपी प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल समेत हजारों की संख्या में नागरिक और स्कूली बच्चे शामिल हुए।

Youthwings