White House Shooting: व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी, 20 वर्षीय अमेरिकी महिला सैनिक की मौत, आरोपी अफगान नागरिक गिरफ्तार
White House Shooting: अमेरिका में व्हाइट हाउस के करीब हुए कथित आतंकी हमले से जुड़ा बड़ा अपडेट सामने आया है। वेस्ट वर्जीनिया नेशनल गार्ड के दो सैनिकों पर बुधवार दोपहर गोलीबारी की गई थी, जिनमें से एक सैनिक की मौत हो गई है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि मारी गई सैनिक की पहचान 20 वर्षीय स्पेशलिस्ट सारा बेकस्ट्रॉम के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि दूसरी घायल सैनिक, 24 वर्षीय स्टाफ सार्जेंट एंड्रयू वोल्फ, अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
थैंक्सगिविंग के अवसर पर सैनिकों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने इस घटना को “आतंकी हमला” बताया। उन्होंने हमलावर को “जंगली राक्षस” कहकर संबोधित किया और 2021 में अफगानिस्तान से अमेरिका लाए गए लोगों को लेकर बाइडेन प्रशासन की आलोचना की।
ट्रंप ने सारा बेकस्ट्रॉम को “अविश्वसनीय और हर लिहाज से उत्कृष्ट इंसान” बताया। उन्होंने कहा कि यह घटना दिखाती है कि अफगान युद्ध के बाद लाए गए कुछ लोग मानसिक अस्थिरता की समस्या से जूझ रहे थे।
कौन है हमलावर?
आरोपी की पहचान 29 वर्षीय रहमानुल्लाह लकनवाल के रूप में हुई है। वह 2021 में अफगानिस्तान से अमेरिका लाया गया था और पहले CIA की सपोर्ट वाली अफगान सेना की एक यूनिट में काम कर चुका था। उसे व्हाइट हाउस से कुछ ही दूरी पर दो सैनिकों पर गोली चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
इस बीच, ट्रंप सरकार कथित अवैध प्रवासियों पर सख्त कार्रवाई के लिए व्यापक अभियान चला रही है और इसे लागू करने के लिए कई शहरों में नेशनल गार्ड तैनात किए गए हैं।
