‘हजारों मौतों के जिम्मेदार हो’, न्यूयॉर्क में मोहम्मद यूनुस को बांग्लादेशी प्रवासियों ने घेरा, वीडियो वायरल
न्यूयॉर्क। बांग्लादेश की पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख और नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस को अमेरिका के न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर बांग्लादेशी प्रवासियों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। हवाई अड्डे पर मौजूद प्रवासियों ने उनके खिलाफ तीखी नारेबाजी की, उन्हें ‘आतंकवादी’ कहा और तुरंत वापस लौटने की मांग की। इसके साथ ही प्रदर्शनकारियों ने यूनुस को बांग्लादेश में हुई हजारों मौतों का जिम्मेदार भी ठहराया।
व्हीलचेयर पर जा रहे थे यूनुस, प्रदर्शनकारियों ने घेरा
सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में मोहम्मद यूनुस व्हीलचेयर पर बैठे नजर आ रहे हैं और एक व्यक्ति उन्हें लेकर आगे बढ़ रहा है। इसी दौरान कुछ लोग उनके करीब पहुंचे और जोर-जोर से चिल्लाने लगे। वीडियो में एक शख्स की आवाज स्पष्ट रूप से सुनाई दे रही है, जो यूनुस को संबोधित करते हुए कह रहा है कि तुम आतंकवादी हो, तुम यहां क्यों आए? तुम वापस जाओ।
मौतों, गिरफ्तारियों और लोकतंत्र खत्म करने के लगाए आरोप
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मोहम्मद यूनुस ने बांग्लादेश में हजारों लोगों की हत्या करवाई, वे पुलिसकर्मियों की मौतों के जिम्मेदार हैं, उन्होंने करीब दो लाख लोगों को गिरफ्तार करवाया और देश के लोकतंत्र को नष्ट किया। इस दौरान वहां मौजूद लोग लगातार ‘वापस जाओ’ के नारे भी लगाते रहे।
सुरक्षा घेरे में बाहर निकाला गया, यूनुस की ओर से प्रतिक्रिया नहीं
हवाई अड्डे पर बढ़ते हंगामे और सुरक्षा कारणों को देखते हुए मोहम्मद यूनुस को तुरंत वहां से सुरक्षित बाहर ले जाया गया। इस पूरे घटनाक्रम और लगाए गए आरोपों पर फिलहाल मोहम्मद यूनुस या उनके प्रतिनिधियों की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
