Nigeria Plane Crash: उड़ान भरते ही रडार से गायब हुआ सैन्य विमान, नदी के पास मिला मलबा; 32 लोगों की मौत
Nigeria Plane Crash: दक्षिणी नाइजीरिया में सोमवार को एक दर्दनाक विमान हादसा हुआ। 25 यात्रियों और चालक दल के 7 सदस्यों को लेकर जा रहा एक सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी 32 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बचाव अभियान शुरू किया गया।
अचानक रडार से गायब हुआ विमान
नाइजीरिया के एविएशन मिनिस्टर फेस्टस कीयामो के मुताबिक, सैन्य विमान एक नियमित मिशन पर देश के आर्थिक केंद्र लागोस की ओर जा रहा था। स्थानीय समय के अनुसार सुबह करीब 9 बजे विमान अचानक रडार से गायब हो गया।
विमान से संपर्क टूटने के बाद उसकी तलाश शुरू की गई। कुछ समय बाद पता चला कि विमान एक नौसैनिक बेस के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। हादसे की जानकारी मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा।
नदी के पास गिरा विमान, पानी में डूबा हिस्सा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, विमान नदी के पास गिरा था और उसका कुछ हिस्सा पानी में डूब रहा था। हादसे के बाद घटनास्थल पर मलबा बिखरा मिला।
प्रत्यक्षदर्शी अकिनबुलेजो पियस ने बताया कि उन्होंने एक तेज आवाज सुनी, जो उन्हें बिजली गिरने जैसी लगी। इसके बाद उन्होंने विमान को पेड़ों के ऊपर से गुजरते हुए नीचे गिरते देखा।
हादसे के बाद घटनास्थल से शरीर के कुछ हिस्से, कपड़े और जूते भी मिलने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल हादसे की वजह का आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है। अधिकारियों की ओर से घटना की जांच और बचाव अभियान जारी है।
