Flydubai फ्लाइट हाईजैक केस में नया मोड़, 2 मालदीवियन पायलट हिरासत में; NIA भी कर रही जांच
दुबई। ओमान के एक को-पायलट द्वारा दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई (flydubai) फ्लाइट को हाइजैक कर क्रैश करने की कोशिश के मामले में संयुक्त अरब अमीरात ने बड़ी कार्रवाई की है। UAE पुलिस ने फ्लाईदुबई (flydubai) एयरलाइन में काम करने वाले मालदीव के दो पायलटों को गिरफ्तार कर लिया है। इन दोनों पायलटों को हाल ही में मालदीव से एयरलाइन में भर्ती किया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों को 3 अक्टूबर को हिरासत में लिया गया था।
परिवारों को दी गई सूचना, मालदीव के अधिकारियों ने साधी चुप्पी
UAE स्थित मालदीव के दूतावास ने जानकारी दी है कि हिरासत में लिए गए दोनों पायलटों के परिवारों को इस संबंध में सूचित कर दिया गया है। हालांकि, मालदीव के अधिकारियों ने दोनों की हिरासत को लेकर किसी भी तरह की आधिकारिक टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।
मुख्य पायलट पर कुल्हाड़ी से हमले का है आरोप
गौरतलब है कि 30 सितंबर को फ्लाईदुबई (flydubai) के ओमानी को-पायलट हम्माम अल-हम्मामी पर फ्लाइट के मुख्य पायलट स्मित मछार पर कुल्हाड़ी से हमला करने और विमान को हाइजैक करने की कोशिश का आरोप लगा था। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए मालदीव के दोनों पायलट काम के दौरान अल-हम्मामी के संपर्क में थे और उसी इमारत में रहते थे जहां आरोपी रहता था। हालांकि, जांच अधिकारियों ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि इस घटना से उनका क्या सीधा संबंध है और उनके खिलाफ क्या सबूत मिले हैं।
UAE ने बताया आतंकी साजिश, NIA ने भी दर्ज किया मामला
UAE प्रशासन ने इस पूरे घटनाक्रम को आतंकवादी हमले की कोशिश करार दिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को-पायलट पर चरमपंथी विचारधारा का समर्थन करने का संदेह था। इस मामले की गहन जांच जारी है। वहीं, इस हमले के पीछे किसी बड़ी अंतरराष्ट्रीय साजिश का पर्दाफाश करने के लिए भारत की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
