आसमान में अटकीं सांसें: लंदन से शिकागो जा रहा विमान अचानक 9000 फीट नीचे गिरा, मची खलबली

लंदन। लंदन से शिकागो जा रही ब्रिटिश एयरवेज (BRITISH AIRWAYS) की उड़ान BA295 में उस समय हड़कंप मच गया जब विमान ने उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद आयरलैंड के ऊपर इमरजेंसी घोषित कर दी। यह विमान अपनी तय ऊंचाई से अचानक लगभग 9,000 फीट नीचे आ गया, जिसके बाद विमान को आनन-फानन में वापस लंदन बुला लिया गया।

आयरलैंड के ऊपर भेजा ‘कोड 7700’ इमरजेंसी सिग्नल

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटराडार24 के अनुसार, हीथ्रो एयरपोर्ट के टर्मिनल 5 से सुबह करीब 11:50 बजे उड़ान भरने वाले बोइंग 777-200ER ने अटलांटिक महासागर पार करने से पहले आयरलैंड के ऊपर इमरजेंसी सिग्नल 7700 सक्रिय किया। इस कोड का इस्तेमाल पायलट किसी गंभीर आपात स्थिति के दौरान एयर ट्रैफिक कंट्रोल से तत्काल मदद मांगने के लिए करते हैं।

अचानक 9000 फीट नीचे आने की वजह साफ नहीं

करीब पौने नौ घंटे की इस उड़ान में अचानक विमान के हजारों फीट नीचे गिरने और इमरजेंसी घोषित करने के सटीक कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। विमान के भीतर के हालात और तकनीकी गड़बड़ी को लेकर जांच की जा रही है। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पायलट ने विमान का रुख मोड़ा और इसे सुरक्षित लंदन वापस उतार लिया गया।

Youthwings