Bus Fire in Ashoknagar: इंदौर जा रही बस में अचानक लगी आग, कांच तोड़कर यात्रियों को निकाला गया, बड़ा हादसा टला
अशोकनगर | Bus Fire in Ashoknagar: मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले में एक बड़ा हादसा टल गया। शनिवार देर शाम टीकमगढ़ से इंदौर जा रही एक यात्री बस में अचानक आग लग गई। बस में सवार प्रधान आरक्षक अरविंद रघुवंशी की सतर्कता से सभी यात्रियों की जान बच गई। उन्होंने जलने की गंध महसूस होते ही बस को रुकवाया, जिससे 55 यात्रियों की जान बच सकी।
चलते-चलते लगी आग, मचा हड़कंप
घटना ईसागढ़ थाना क्षेत्र के पास की है, जहां बस तेज रफ्तार में इंदौर की ओर जा रही थी। रास्ते में अचानक इंजन के पास से धुआं उठने लगा। इसी दौरान प्रधान आरक्षक अरविंद रघुवंशी ने खतरे का आभास कर बस चालक को तुरंत रुकने के लिए कहा। बस जैसे ही रुकी, इंजन में आग भड़क उठी और देखते ही देखते लपटें बस के आगे के हिस्से को अपनी चपेट में ले लीं।
यात्रियों को खिड़कियों के कांच तोड़कर निकाला गया
बस में सवार करीब 55 यात्री घबरा गए और चीख-पुकार मच गई। इसी बीच अरविंद रघुवंशी ने साहस दिखाते हुए बस की खिड़कियों के कांच तोड़कर यात्रियों को बाहर निकालने का रास्ता बनाया। कुछ ही मिनटों में सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
दमकल ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही ईसागढ़ पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक यात्रियों का सारा सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, किसी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
फिलहाल, आग लगने का सही कारण सामने नहीं आया है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका है कि इंजन में शॉर्ट सर्किट या ओवरहीटिंग की वजह से यह हादसा हुआ होगा।
प्रधान आरक्षक की तत्परता और साहस ने दर्जनों जानें बचा लीं। स्थानीय लोगों ने उनकी बहादुरी की सराहना की है।
