Bhopal PVC Gun Accident: भोपाल में दिवाली पर PVC गन से हादसा: कई लोग घायल, आंखों की रोशनी चली गई
Bhopal PVC Gun Accident: भोपाल और आसपास के जिलों में दिवाली से पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुई रील्स के कारण PVC पाइप और लाइटर से घर में तेज आवाज़ करने वाली बंदूक (Pipe Gun) बनाने का चलन बढ़ गया। कई लोगों ने रील देखकर खुद घर में ये देसी गन्स बना लीं और उन्हें बच्चों को भी थमा दिया।
दिवाली के दिन इन गन्स के इस्तेमाल से कम से कम 10 लोगों की आंखों की रोशनी चली गई और 300 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती हुए। भोपाल में अकेले 150 से ज्यादा लोग घायल हुए। पीवीसी पाइप गन की बिक्री दिवाली से पहले जोर-शोर से हुई। लोग डेढ़ सौ से दो सौ रुपए देकर गन खरीद रहे थे और जब इन्हें चलाया गया तो ये हादसा बन गया।
PVC पाइप गन बनाने के लिए दो पाइपों को जोड़कर गन का आकार दिया जाता है। इसके अंदर पोटाश या कैल्शियम कार्बाइड डालकर पानी की बूंदें डाली जाती हैं और लाइटर से ignition दी जाती है। संकरे पाइप में केमिकल रिएक्शन से जोरदार धमाका होता है और चिंगारी निकलती है।
इस बार सोशल मीडिया पर ट्रेंड होने के कारण लोग घर में बनाकर इसे बेचने लगे। पहले ये गन्स सिर्फ गांवों में किसानों द्वारा खेतों में आवारा पशुओं को भगाने के लिए इस्तेमाल होती थीं।
भोपाल में इस खबर के प्रसारण के बाद जिला प्रशासन ने PVC पाइप गन की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाले वीडियो पर आंख मूंदकर भरोसा करना बेहद ख़तरनाक है।
