Indore Kinnar News: इंदौर में सनसनी, 24 किन्नरों ने एक साथ पिया जहर, कई की हालत गंभीर, पुलिस जांच में जुटी

Indore Kinnar News

Indore Kinnar News

इंदौर। Indore Kinnar News: शहर के पंढरीनाथ थाना क्षेत्र स्थित नंदलालपुरा इलाके में बुधवार शाम एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां करीब 24 किन्नरों ने एक साथ जहरीला पदार्थ पी लिया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और सभी किन्नरों को तत्काल एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया। कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि शुरुआती जांच में फिनायल पीने की बात सामने आई है, हालांकि किस प्रकार का जहरीला पदार्थ था, इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

अस्पताल में चल रहा इलाज

एमवाय अस्पताल में सभी 24 किन्नरों का इलाज जारी है। सीएमएचओ डॉ. हासानी और अस्पताल की टीम लगातार उपचार में जुटी हुई है। जिला प्रशासन की निगरानी में सभी मरीजों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल कई किन्नरों की हालत गंभीर बताई जा रही है, लेकिन डॉक्टरों के अनुसार स्थिति नियंत्रण में है।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस का कहना है कि किन्नरों के दो गुटों के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। प्राथमिक जांच में इसी विवाद को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। कुछ समय पहले भी इस विवाद से जुड़ा मामला सामने आया था, जिसमें दो मीडियाकर्मियों द्वारा एक किन्नर के साथ कुकर्म का आरोप लगा था। उस मामले में एसआईटी गठित की गई थी, लेकिन एक वरिष्ठ अधिकारी के तबादले के बाद जांच ठप हो गई थी।

प्रशासन अलर्ट मोड पर

घटना के बाद कलेक्टर शिवम वर्मा ने तत्काल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी तरह की लापरवाही न हो और सभी प्रभावितों को बेहतर उपचार मिले। एसडीएम प्रदीप सोनी, तहसीलदार और अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। वहीं, डीसीपी आनंद कलादगि ने बताया कि सभी प्रभावितों का इलाज चल रहा है और स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।

डीसीपी ने कहा, “प्रभावितों के बयान उनकी हालत में सुधार आने के बाद दर्ज किए जाएंगे। तभी यह स्पष्ट हो सकेगा कि किस कारण से और कौन-सा जहरीला पदार्थ उन्होंने पिया।”

Youthwings