कराची में दरिंदगी की सारी हदें पार! 3 साल की मासूम का रेप के बाद कत्ल, बोरे में बंद मिली लाश
कराची। पाकिस्तान के कराची शहर में 3 साल की मासूम बच्ची के साथ बर्बरतापूर्वक दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई। घर से खेलने निकली बच्ची का शव उसी शाम घर के पास गली के मेन गेट पर बोरे में बंद मिला। इस जघन्य वारदात के बाद डॉक्टरों की रिपोर्ट और पुलिस जांच में जो बातें सामने आई हैं, उसने सभी के रोंगटे खड़े कर दिए हैं। आशंका जताई जा रही है कि बच्ची का कातिल उसका ही कोई करीबी रिश्तेदार हो सकता है।
बोरे में बंद मिला मासूम का शव; डॉक्टरों ने की ‘हिंसक बलात्कार’ की पुष्टि
पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट के अनुसार 3 साल की मासूम दोपहर के समय अपने घर से खेलने के लिए निकली थी। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की।
शाम को कराची के मुस्लिमबाद इलाके में मुस्तफा मस्जिद के पास बच्ची के घर की ओर जाने वाली गली के मुख्य गेट पर एक संदिग्ध बोरा दिखाई दिया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने जब बोरा खोला, तो उसमें मासूम की लाश देखकर सन्न रह गए। अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद डॉक्टरों ने आधिकारिक पुष्टि की कि हत्या से पहले बच्ची के साथ बेहद हिंसक और दर्दनाक तरीके से दुष्कर्म किया गया था।
रिश्तेदारों समेत 12 संदिग्धों के लिए गए DNA सैंपल
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सिंध के पुलिस महानिरीक्षक (IGP) जावेद आलम ओधो ने मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय विशेष टीम का गठन किया है। स्पेशल ब्रांच और स्थानीय मुखबिरों से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस का मुख्य फोकस 3 संदिग्धों पर टिका हुआ है, जो बच्ची के बहुत करीबी रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने इलाके के 12 संदिग्धों के डीएनए (DNA) सैंपल एकत्र कर लैब भेजे हैं ताकि मुख्य आरोपी तक पहुंचा जा सके। पूरे मामले की निगरानी और त्वरित कार्रवाई के लिए कराची ईस्ट ज़ोन के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (DIG) की अध्यक्षता में एक जांच कमेटी बनाई गई है।
आईजीपी ओधो ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि मासूम के साथ इस हैवानियत को अंजाम देने वाले दरिंदे किसी भी तरह की राहत या नरमी के हकदार नहीं हैं, और उन्हें सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।
