Pakistan Flood Tragedy: पिकनिक मनाने गए परिवार पर टूटा कुदरत का कहर, सेल्फी लेते वक्त आया तेज बहाव, 9 लोगों की दर्दनाक मौत – रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो वायरल

Pakistan Flood Tragedy

Pakistan Flood Tragedy

Pakistan Flood Tragedy: पाकिस्तान में भारी बारिश और बाढ़ ने तबाही मचा दी है। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक परिवार की पिकनिक उस वक्त मातम में बदल गई, जब वे स्वात नदी के किनारे मस्ती कर रहे थे और अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गए। इस हादसे में एक ही परिवार के 9 सदस्य बह गए और सभी की मौत हो गई। इस भयावह घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें लोग तेज बहाव में फंसे नजर आ रहे हैं और एक-एक कर पानी की धारा में बहते चले जाते हैं।

नाश्ते के दौरान हुआ हादसा, बच्चे सेल्फी ले रहे थे

घटना शुक्रवार को हुई। जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य नदी किनारे बैठकर नाश्ता कर रहे थे, वहीं कुछ बच्चे पानी के पास खेलने और सेल्फी लेने में मशगूल थे। इसी बीच अचानक नदी में तेज बहाव आ गया और सब कुछ पल भर में बदल गया। कुछ लोग भागने की कोशिश कर ही रहे थे कि पानी ने चारों ओर से उन्हें घेर लिया।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, 80 से ज्यादा कर्मी तलाश में जुटे

घटना के तुरंत बाद रेस्क्यू सेवा 1122 ने राहत और बचाव अभियान शुरू किया। रेस्क्यू सेवा के महानिदेशक शाह फहद ने जानकारी दी कि पांच अलग-अलग स्थानों पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है और लगभग 80 कर्मी इस तलाशी अभियान में लगे हुए हैं। हालांकि, अब तक नदी से 9 शव बरामद किए जा चुके हैं।

देशभर में भारी तबाही, 32 मौतें – 16 बच्चे शामिल

पाकिस्तान के विभिन्न हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ के चलते अब तक 32 लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें 16 बच्चे भी शामिल हैं। अकेले खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में 36 घंटे में 19 मौतें दर्ज की गई हैं।

तबाही का मंजर, वायरल हुआ वीडियो

सोशल मीडिया पर सामने आया वीडियो बेहद विचलित करने वाला है, जिसमें परिवार के लोग पानी में घिरे हुए मदद के लिए चिल्ला रहे हैं, लेकिन कुछ ही पलों में तेज बहाव उन्हें बहा ले जाता है। लोग मदद के लिए पुकारते रहे, लेकिन पानी की रफ्तार के आगे किसी की एक न चली।

प्रशासन अलर्ट मोड पर

स्थानीय प्रशासन ने लोगों को नदी और नालों के पास न जाने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने तटीय इलाकों और नदी किनारे बसे लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।

यह घटना एक बार फिर प्राकृतिक आपदा के प्रति सजग रहने की चेतावनी देती है, खासकर मानसून के दौरान जब नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है।

Youthwings