CG में सरकारी नौकरी की बड़ी सौगात! बिजली कंपनियों में 1501 पदों पर भर्ती, जानिए कौन कर सकता है आवेदन

पावर कंपनी

छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए रोजगार के नए दरवाजे खुलने जा रहे हैं। प्रदेश की बिजली कंपनियों में अलग-अलग विभागों के लिए 1501 पदों पर भर्ती निकाली गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर शुरू की जा रही इस भर्ती प्रक्रिया में तकनीकी, गैर-तकनीकी, प्रशासनिक और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े पद शामिल हैं। खास बात यह है कि इस भर्ती में डाटा एंट्री ऑपरेटर के सबसे ज्यादा 609 पद रखे गए हैं।

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी की जनरेशन, ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों के लिए 38 प्रकार के पदों पर भर्ती का विस्तृत विज्ञापन 5 नवंबर 2026 को जारी किया गया है। कुल रिक्तियों में द्वितीय श्रेणी के 195 और तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के 1306 पद शामिल हैं।

आवेदन की प्रक्रिया शुरू, 26 नवंबर तक मिलेगा मौका

इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 6 नवंबर 2026 को शाम 8 बजे से शुरू हो चुके हैं। योग्य उम्मीदवार 26 नवंबर 2026 की रात 11:55 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम समय सीमा भी यही निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और यूपीआई के माध्यम से शुल्क जमा कर सकते हैं।

भर्ती की एक अहम शर्त यह है कि तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी उम्मीदवार ही पात्र होंगे। उम्मीदवारों को आवेदन से पहले संबंधित पद की शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और दूसरी पात्रता शर्तों की जांच करनी होगी।

डाटा एंट्री ऑपरेटर के 609 पद, तीनों कंपनियों में अलग-अलग भर्ती

इस भर्ती में सबसे बड़ा अवसर डाटा एंट्री ऑपरेटर बनने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए है। इस पद के कुल 609 रिक्तियों में जनरेशन कंपनी के 95, ट्रांसमिशन कंपनी के 64 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 450 पद शामिल हैं।

इसके अलावा कनिष्ठ अभियंता इलेक्ट्रिकल के 167 पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें जनरेशन कंपनी में 11, ट्रांसमिशन कंपनी में 32 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी में 124 पद निर्धारित हैं।

इंजीनियरिंग के उम्मीदवारों के लिए भी कई अवसर

इंजीनियरिंग क्षेत्र में सहायक अभियंता के कुल 152 पद निकाले गए हैं। इनमें इलेक्ट्रिकल के 92, मैकेनिकल के 26, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन के 10, कंप्यूटर साइंस के 2, सूचना प्रौद्योगिकी के 2 और सिविल के 20 पद शामिल हैं।

वहीं कनिष्ठ अभियंता के अन्य विभागों में मैकेनिकल के 12, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन के 9, कंप्यूटर साइंस के 1, आईटी के 1 और सिविल के 26 पद रखे गए हैं।

ITI पास युवाओं के लिए भी खुला रोजगार का रास्ता

बिजली कंपनियों की इस भर्ती में तकनीकी ट्रेड के उम्मीदवारों को भी अवसर दिया गया है। अटेंडेंट प्लांट ग्रेड-III के तहत फिटर के 84, टर्नर के 36, इलेक्ट्रीशियन के 90, इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक के 45 और इलेक्ट्रॉनिक्स के 45 पद शामिल हैं। इसके अलावा फायर अटेंडेंट ग्रेड-II के 45 पद भी निकाले गए हैं।

सुरक्षा विभाग में सुरक्षा अधिकारी के 3, सुरक्षा निरीक्षक के 10, सुरक्षा उप निरीक्षक के 19 और सब फायर ऑफिसर के 6 पदों पर भर्ती होगी। फायर ऑफिसर के लिए भी एक पद निर्धारित किया गया है।

मेडिकल और अन्य विभागों में भी वैकेंसी

बिजली कंपनियों में चिकित्सा अधिकारी के 15, सहायक फार्मासिस्ट के 25, सहायक स्टाफ नर्स के 18, सहायक लैब तकनीशियन के 6, सहायक रेडियोग्राफर के 3, सहायक ड्रेसर के 5 और सहायक ईसीजी तकनीशियन के 3 पदों पर भर्ती की जाएगी।

इसके अलावा वित्त एवं लेखा विभाग में 15 लेखा अधिकारी/सहायक प्रबंधक, 8 सहायक विधि अधिकारी और 8 सहायक औद्योगिक संबंध अधिकारी के पद रखे गए हैं। स्टेनोग्राफर ग्रेड-III के अंग्रेजी में 12 और हिंदी में 13 पद भी शामिल हैं। शिफ्ट केमिस्ट के 6 और प्रोग्रामर के 3 पदों पर भी नियुक्तियां होंगी।

आवेदन से पहले विज्ञापन की जांच जरूरी

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी की यह भर्ती इंजीनियरिंग, आईटीआई, कंप्यूटर, मेडिकल और अन्य शैक्षणिक पृष्ठभूमि वाले युवाओं के लिए अवसर लेकर आई है। इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। हालांकि आवेदन करने से पहले पद के अनुसार योग्यता, आयु सीमा, शुल्क और चयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी आधिकारिक भर्ती विज्ञापन से जरूर जांच लें।

Youthwings