अखिलेश जाएंगे अयोध्या, लेकिन क्या रामलला के दर्शन से पहले मांगेंगे माफी? CM योगी ने याद दिलाया कारसेवकों पर गोलीकांड

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सियासत से जुड़ी इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या जाएंगे। अपने इस दौरे के दौरान वे राम मंदिर में रामलला के दर्शन करेंगे और प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर में भी शीश नवाएंगे। सपा नेता पवन पांडे ने शनिवार को छोटी दीपावली के मौके पर औपचारिक रूप से इस दौरे की घोषणा की।

पवन पांडे ने की तारीख की घोषणा

सपा नेता पवन पांडे के मुताबिक, पिछले दिनों अयोध्या दौरे के दौरान अखिलेश यादव ने उन्हें दर्शन की तारीख तय करने का दायित्व सौंपा था। इसके तहत आज छोटी दीपावली के पावन अवसर पर पवन पांडे ने ऐलान किया कि 12 दिसंबर (दिन शनिवार) को अखिलेश यादव सपरिवार अयोध्या पहुंचेंगे और हनुमानगढ़ी व रामलला के दर्शन करेंगे।

सीएम योगी का तीखा हमला

अखिलेश यादव के अयोध्या जाने के ऐलान पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में आयोजित भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम के मंच से सपा और पूर्व मुख्यमंत्री पर तीखा प्रहार किया। अखिलेश के दर्शन वाले बयान पर कटाक्ष करते हुए सीएम योगी ने दो टूक कहा कि रामभक्तों और संतों पर गोलियां चलवाने वाले लोग पहले माफी मांगें, उसके बाद ही अयोध्या आएं।

‘संतों और रामभक्तों से पश्चाताप करें’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा, “जिन लोगों ने कभी हमारी उपेक्षा की और हमारा अपमान किया, जिन्होंने भगवान राम के भक्तों पर गोलियां चलाईं और जिन्होंने संतों को अपमानित किया व उन पर लाठीचार्ज कराया, अगर वे कभी अयोध्या आएं, तो उन्हें पहले माफी मांगनी चाहिए। उन्हें भगवान राम के भक्तों से माफी मांगनी चाहिए। उन्हें संतों से माफी मांगनी चाहिए और अपने पिछले कृत्यों के लिए पश्चाताप करना चाहिए।” सीएम योगी ने यह भी जोर देकर कहा कि अयोध्या अब कभी कर्फ्यू और अव्यवस्था के दायरे में नहीं आएगी।

Youthwings