अमिताभ बच्चन की बिगड़ी तबीयत, एक हफ्ते से रुकी KBC की शूटिंग; ब्लॉग में बिग बी ने बयां किया अपना हाल

मुंबई। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन कई वर्षों से अपने लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (केबीसी) के जरिए दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं। शो को दर्शकों का भरपूर प्यार मिलता रहा है, लेकिन अब बिग बी के फैंस के लिए चिंताजनक खबर सामने आई है। अमिताभ बच्चन का स्वास्थ्य ठीक न होने के चलते केबीसी के नए एपिसोड्स की शूटिंग पिछले एक सप्ताह से रुकी हुई है।

स्वास्थ्य कारणों से मेकर्स ने रोकी शूटिंग

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अमिताभ बच्चन पिछले कुछ समय से अच्छा महसूस नहीं कर रहे हैं। उनकी सेहत बिगड़ने के कारण शो के निर्माताओं ने फिलहाल नए एपिसोड्स की शूटिंग को कुछ समय के लिए स्थगित करने का फैसला लिया है। बिग बी के अस्वस्थ होने के चलते सेट पर कामकाज पूरी तरह रुका हुआ है।

‘रामायण’ की स्टारकास्ट के साथ हुआ था आखिरी शूट

जानकारी के अनुसार शूटिंग रुकने से पहले शो का आखिरी बड़ा सेलिब्रिटी एपिसोड रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे के साथ फिल्माया गया था। ये तीनों सितारे अपनी आगामी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ के प्रमोशन के लिए ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के मंच पर पहुंचे थे।

मेकर्स को अचानक बदलना पड़ा टेलीकास्ट प्लान

सूत्रों के मुताबिक, ‘रामायण’ की स्टारकास्ट वाले इस खास एपिसोड को पहले फिल्म की रिलीज के आसपास प्रसारित करने की योजना बनाई गई थी। हालांकि, अमिताभ बच्चन की सेहत से जुड़ी चिंताओं और शूटिंग रुकने के चलते मेकर्स को अपनी पूरी रणनीति बदलनी पड़ी। चैनल ने इस एपिसोड को रिलीज तक सुरक्षित रखने के बजाय पिछले हफ्ते दिवाली स्पेशल वीक की शुरुआत इसी सेलिब्रिटी एपिसोड के साथ कर दी।

ब्लॉग में अमिताभ बच्चन ने बयां किया दर्द

इस बीच, अमिताभ बच्चन ने शनिवार को अपने ब्लॉग के जरिए काम पर धीरे-धीरे लौटने और अपने प्रशंसकों के साथ जुड़ाव को लेकर अपने विचार साझा किए। बिग बी ने लिखा कि वे आहिस्ता-आहिस्ता अपनी पुरानी दिनचर्या और कामकाजी जिंदगी में वापसी कर रहे हैं। उन्होंने उल्लेख किया कि जब कोई व्यक्ति अपनी रोजमर्रा की दिनचर्या से दूर हो जाता है, तो दोबारा उसी रूटीन में ढलना आसान नहीं होता।

अपने ब्लॉग में अमिताभ बच्चन ने आगे लिखा कि कभी-कभी वे अपना चश्मा और मोबाइल फोन तक भूल जाते हैं और यह भी याद नहीं रहता कि उन्हें आगे क्या करना था। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि उन्हें अपने स्कूल के आठवीं कक्षा के दिनों की बातें आज भी पूरी तरह और अच्छी तरह याद हैं।

Youthwings