सुखदेव भगत की अध्यक्षता में कांग्रेस की बैठक, स्मार्ट मीटर पर प्रदेशभर में प्रदर्शन का प्लान

सुखदेव भगत की अध्यक्षता में कांग्रेस की बैठक

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नए प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के नेतृत्व में सोमवार को राजधानी रायपुर स्थित राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की अहम बैठक हुई। बैठक में PCC अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत समेत प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी और नेता मौजूद रहे। प्रदेश प्रभारी बनने के बाद छत्तीसगढ़ के अपने पहले दौरे में सुखदेव भगत लगातार संगठनात्मक बैठकों में शामिल हो रहे हैं।

बैठक में प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के साथ संगठन को मजबूत करने और आने वाले समय में पार्टी के कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं ने नगरीय निकाय से जुड़े आगामी राजनीतिक मुद्दों, जल-जंगल-जमीन, स्मार्ट मीटर और बिजली बिल समेत कई विषयों पर अपनी बात रखी।

स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर बड़े आंदोलन की तैयारी

बैठक में स्मार्ट मीटर और बिजली बिल को लेकर कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की। पार्टी की ओर से आने वाले समय में प्रदेश के सभी जिलों में प्रदर्शन करने की बात कही गई है।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि स्मार्ट मीटर और बिजली व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर आम लोगों की शिकायतों को लेकर पार्टी जिला स्तर तक आंदोलन करेगी। इसके लिए संगठन के स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर भी चर्चा हुई।

जल-जंगल-जमीन के मुद्दे पर भी मंथन

बैठक में जल, जंगल और जमीन से जुड़े विषयों को भी प्रमुखता से उठाया गया। आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस की आगामी रणनीति पर नेताओं ने चर्चा की। इसके साथ ही प्रदेश में पार्टी के जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को जिला और ब्लॉक स्तर तक ले जाने पर भी विचार-विमर्श हुआ।

READ MORE: मांझी समाज का संभागीय सम्मेलन: शिक्षा-रोजगार से लेकर विकास तक हुआ मंथन

चुनावी तैयारियों और संगठन पर भी चर्चा

कांग्रेस की बैठक में आगामी नगरीय निकाय चुनावों को लेकर संगठन की तैयारियों और राजनीतिक गतिविधियों पर भी चर्चा हुई। नेताओं ने जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय रखने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और स्थानीय मुद्दों को मजबूती से उठाने पर विचार किया। प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के दो दिवसीय दौरे के दौरान PCC पदाधिकारियों, विधायक दल, फ्रंटल संगठनों और अन्य संगठनात्मक इकाइयों के साथ अलग-अलग बैठकें भी निर्धारित हैं।

चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दे पर भी प्रदर्शन

कांग्रेस ने 28 सितंबर को SIR और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर रायपुर में विरोध मार्च का कार्यक्रम भी रखा है। प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत इस प्रदर्शन में शामिल होने वाले हैं। कांग्रेस की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी विरोध दर्ज कराने की बात कही गई है।

बैठक के बाद कनेक्ट सेंटर की टीम से भी चर्चा

प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक के बाद कनेक्ट सेंटर से जुड़े पदाधिकारियों के साथ भी बैठक का कार्यक्रम रखा गया। प्रदेश प्रभारी के दौरे में संगठन की विभिन्न इकाइयों से फीडबैक लेने और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा का सिलसिला जारी है। सुखदेव भगत के इस दौरे को प्रदेश कांग्रेस के संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण बैठकों के क्रम के तौर पर देखा जा रहा है। अगले चरण में फ्रंटल संगठनों और अनुशासन समिति समेत अन्य संगठनात्मक इकाइयों के साथ भी बैठकें निर्धारित हैं।

Youthwings