मांझी समाज का संभागीय सम्मेलन: शिक्षा-रोजगार से लेकर विकास तक हुआ मंथन
सरगुजा। मैनपाट के ग्राम पंचायत केसरा में मांझी समाज का संभागीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में समाज के प्रदेश, जिला, विधानसभा और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम में समाज के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
सम्मेलन में शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय और सामाजिक जागरूकता को लेकर विचार-विमर्श हुआ। वक्ताओं ने समाज के युवाओं को शिक्षा के साथ रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने तथा सामाजिक स्तर पर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
मैनपाट की बेटियों की NEET सफलता बनी उदाहरण
कार्यक्रम में मैनपाट क्षेत्र की बेटियों द्वारा NEET में सफलता हासिल करने का भी उल्लेख किया गया। इसे समाज में बढ़ रही शैक्षणिक जागरूकता और बदलती सोच का उदाहरण बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बेटियों की उपलब्धियां आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का काम करेंगी।
विधायक रामकुमार टोप्पो हुए शामिल
सम्मेलन में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने समाज के प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों से चर्चा की। सम्मेलन में समाज की मौजूदा स्थिति, युवाओं के लिए अवसर और सामाजिक विकास से जुड़े विषयों पर भी विचार रखे गए।
आजादी के बाद पहली बार इतने बड़े स्तर पर सम्मेलन का दावा
आयोजकों की ओर से दावा किया गया कि आजादी के बाद पहली बार इस स्तर पर मांझी समाज का संभागीय सम्मेलन आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे। विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के साथ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का उत्थान सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया।
