‘सत्ता के बिना नहीं रह सकती कांग्रेस, प्रदर्शन छोड़ देश से माफी मांगें राहुल गांधी’: CM मोहन और हेमंत खंडेलवाल का करारा हमला
भोपाल। भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर कांग्रेस द्वारा खड़े किए जा रहे विवाद पर मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने आक्रामक रुख अपना लिया है। रविवार को राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखे राजनीतिक हमले किए। दोनों नेताओं ने दो टूक कहा कि लगातार चुनावी शिकस्त से बौखलाई कांग्रेस अब संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने की सोची-समझी साजिश में जुटी है।
‘बिना सबूत आरोप लगाना और ध्यान भटकाना राहुल गांधी की आदत’- हेमंत खंडेलवाल
प्रेस वार्ता की शुरुआत करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा संयुक्त बयान में स्थिति स्पष्ट किए जाने के बाद भी राहुल गांधी बेबुनियाद बयानबाजी कर रहे हैं। खंडेलवाल ने सीधे चुनौती देते हुए कहा, “राहुल गांधी के पास अपने आरोपों के पक्ष में कोई प्रमाण नहीं है। वे केवल जनता का ध्यान भटकाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं पर कीचड़ उछाल रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी कभी सेना के शौर्य पर सवाल उठाते हैं तो कभी विदेशी धरती पर जाकर भारत की लोकतांत्रिक साख को नुकसान पहुंचाते हैं। खंडेलवाल ने नसीहत दी कि कांग्रेस को संस्थाओं पर झूठे आरोप लगाने के बजाय इस बात पर गंभीर आत्ममंथन करना चाहिए कि जनता उसे बार-बार क्यों नकार रही है।
‘बड़े परिवार में जन्म लेने से किसी को गाली देने का हक नहीं मिल जाता’— सीएम मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस और राहुल गांधी के आचरण पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र और सबसे युवा देश है, जहां मर्यादाओं का पालन सर्वोपरि है। सीएम ने कहा, “आप किसी बड़े परिवार में पैदा हो सकते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि आपको संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों को गाली देने या अपमानित करने की छूट मिल जाए।” उन्होंने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए याद दिलाया कि यह वही कांग्रेस है जिसकी नेता इंदिरा गांधी को कभी अदालत ने चुनाव में अयोग्य घोषित किया था।
‘केरल में जीते तो SIR ठीक, तमिलनाडु और बंगाल में क्या हुआ?’
फॉर्म 6 और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राहुल गांधी के दावों को सिरे से खारिज करते हुए मुख्यमंत्री ने उनके दोहरे रवैये पर सवाल खड़े किए। डॉ. यादव ने कहा कि जब केरल में कांग्रेस को जीत मिली तब वहां का SIR और चुनाव आयोग सही था, लेकिन जहां हार का सामना करना पड़ता है, वहां ईवीएम को ‘ब्लैक बॉक्स’ बताकर रोना शुरू कर दिया जाता है। सीएम ने तंज कसते हुए कहा, “तमिलनाडु से 50 साल से बाहर हैं, बंगाल, उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में लंबे समय से सत्ता से दूर हैं, उसको लेकर कांग्रेस क्या कहेगी? असलियत यह है कि कांग्रेस से अपना कुनबा तक नहीं संभल रहा और वह अपने राजकुमार की नाकामियों को छिपाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बना रही है।”
‘प्रदर्शन के बजाय देश से माफी मांगें राहुल गांधी’
कांग्रेस द्वारा कल प्रस्तावित देशव्यापी प्रदर्शन पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस न तो सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का सम्मान करती है और न ही निर्वाचन आयोग की स्वायत्तता पर भरोसा रखती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता आती-जाती रहती है, लेकिन कांग्रेस सत्ता के बिना एक पल भी नहीं रह सकती। सीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस को कल सड़कों पर झूठा तमाशा और प्रदर्शन करने के बजाय देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को बदनाम करने के लिए राहुल गांधी से सार्वजनिक माफी मंगवानी चाहिए।
