नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ा मौका, 8,720 पदों पर भर्ती
रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए अक्टूबर में रोजगार का बड़ा अवसर मिलने जा रहा है। राजधानी रायपुर में Chhattisgarh Job Fair 2026 का आयोजन किया जाएगा, जहां अलग-अलग क्षेत्रों की कंपनियां हजारों रिक्त पदों पर भर्ती के लिए पहुंचेंगी। खास बात यह है कि इसमें 10वीं और 12वीं पास से लेकर ITI, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन कर चुके युवा भी अपनी योग्यता के अनुसार नौकरी के लिए आवेदन कर सकेंगे।
यह रोजगार मेला 7 और 8 अक्टूबर 2026 को रायपुर के बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगा। अब तक कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों की ओर से कुल 8,720 रिक्तियों की जानकारी उपलब्ध कराई गई है।
किन सेक्टर में मिलेंगी नौकरियां?
रोजगार मेले में तकनीकी, मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स, सिक्योरिटी, हेल्थकेयर और सर्विस सेक्टर से जुड़े पद शामिल हैं। उपलब्ध रिक्तियों में प्रमुख रूप से मशीन ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इंजीनियर, क्वालिटी इंस्पेक्टर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, नर्सिंग स्टाफ, सिक्योरिटी गार्ड, ड्राइवर, डिलीवरी बॉय और अप्रेंटिस जैसे पद शामिल हैं।
किस क्षेत्र में कितने पद?
अब तक मिली रिक्तियों में सबसे ज्यादा अवसर तकनीकी और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में हैं।
टेक्निकल एवं मैन्युफैक्चरिंग: करीब 4,800 पद
लॉजिस्टिक्स एवं ट्रांसपोर्ट: करीब 1,600 पद
सिक्योरिटी सेक्टर: करीब 650 पद
हेल्थकेयर एवं केयर सर्विस: करीब 580 पद
इसके अलावा अन्य कंपनियों से भी रिक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है। ऐसे में उपलब्ध पदों की संख्या आगे बढ़ सकती है।
इन कंपनियों में नौकरी का मौका
रोजगार मेले के लिए कई प्रमुख कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों ने अपनी रिक्तियां उपलब्ध कराई हैं। इनमें Quess Corp, Randstad India, Rajasthan Textile Mills–Sutlej Textiles, Vardhman Textiles, Genus Power Infrastructure, Airtel Payments Bank, Instacart, Spandana Sphoorty Financial, Svatantra Microfin, NIIT, AISECT, Shanta Techno, Rajat Equipments और First Fly Corporate सहित अन्य संस्थान शामिल हैं।
10वीं पास से लेकर PG तक आवेदन
इस रोजगार मेले की खासियत यह है कि अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवारों के लिए पद उपलब्ध हैं। उम्मीदवार अपनी योग्यता और अनुभव के अनुसार नौकरी के लिए आवेदन कर सकते हैं। 10वीं, 12वीं, ITI, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग अवसर रखे गए हैं।
read more: राहुल गांधी से मिले झीरम पीड़ित और कांग्रेस नेता, भूपेश-टीएस समेत नेताओं ने की कानूनी चर्चा
ऑनलाइन आवेदन कहां करें?
रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक उम्मीदवार ई-रोजगार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवारों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले संबंधित पद की शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, अनुभव और अन्य शर्तों की जानकारी जरूर देख लें।
8 अक्टूबर को ऑफर लेटर कार्यक्रम
रोजगार मेले के दूसरे दिन 8 अक्टूबर को ऑफर लेटर वितरण कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के शामिल होने की संभावना है।
विभाग की ओर से युवाओं से इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की गई है। अधिकारियों को कंपनियों के साथ सीधे समन्वय कर अधिक से अधिक रिक्तियां जुटाने और युवाओं तक रोजगार के अवसर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
कंपनियों से सीधे जुड़ने का भी मौका
रोजगार विभाग के मुताबिक अलग-अलग नियोक्ताओं से रिक्तियों की जानकारी लगातार प्राप्त की जा रही है। विभाग का लक्ष्य है कि रोजगार मेले में अधिक से अधिक कंपनियां शामिल हों और युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार नौकरी के अवसर मिल सकें।
नियोक्ता और प्लेसमेंट एजेंसियां रोजगार मेले से जुड़ी जानकारी के लिए 7999385638 और 7000397968 नंबर पर संपर्क कर सकती हैं।
