Raipur Murder Case: जमीन की रकम बनी रिश्ते की दुश्मन, दामाद ने ससुर को गला घोंटकर मार डाला
Raipur Murder Case: ससुर ने बेची थी करीब एक करोड़ की जमीन, पैसों को लेकर चल रहा था विवाद; शव को नदी में ठिकाने लगाने निकले आरोपी, पुलिस पहुंची तो छोड़कर भागे
Raipur Murder Case: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में जमीन के पैसों को लेकर हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। धरसींवा थाना क्षेत्र में 46 वर्षीय मोहन निषाद की कथित तौर पर उसके ही दामाद ने अपने साथियों के साथ मिलकर गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी शव को टाटा मैजिक में रखकर खारुन नदी में फेंकने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में पुलिस की नजर पड़ गई। पुलिस को देखते ही आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए।
Raipur Murder Case में पुलिस ने हेमराज निषाद, रोहित निषाद और संजय निषाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, हेमराज मृतक मोहन निषाद का बड़ा दामाद है और उसे इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है।
करीब एक करोड़ की जमीन बेचने के बाद पैसों को लेकर था विवाद
पुलिस के अनुसार, मोहन निषाद ने हाल ही में करीब एक करोड़ रुपये की जमीन बेची थी। इसी रकम में से हेमराज अपने ससुर से पैसे की मांग कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। बताया जा रहा है कि पिछले महीने भी दोनों पक्षों में पैसों को लेकर कहासुनी हुई थी।
गुरुवार को मोहन ने हेमराज को पार्टी के लिए बुलाया था। पार्टी के दौरान शराब पीने के बाद मोहन नशे में था। इसी दौरान ससुर और दामाद के बीच फिर से विवाद शुरू हो गया।
विवाद के बाद गला घोंटकर हत्या का आरोप
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर हेमराज ने अपने चाचा रोहित निषाद और दोस्त संजय निषाद के साथ मिलकर मोहन का गला घोंट दिया। हत्या के लिए गमछे और जीआई तार का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है।
मोहन की मौत के बाद तीनों आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। इसके लिए पार्टी में मौजूद एक अन्य व्यक्ति के माध्यम से टाटा मैजिक बुक कराई गई।
शव को चादर में लपेटकर टाटा मैजिक में रखा गया और उसे परसतराई की ओर ले जाया जा रहा था।
Raipur Murder Case: नदी में शव फेंकने से पहले पहुंच गई पुलिस
तीनों आरोपी शव को खारुन नदी में फेंकने की तैयारी में थे। इसी दौरान पुलिस की नजर टाटा मैजिक पर पड़ गई। पुलिस को देखते ही आरोपी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई के बाद आरोपी बस से बिलासपुर पहुंचे और रतनपुर में छिप गए। पुलिस ने आरोपियों पर दबाव बढ़ाया तो मुख्य आरोपी बताए जा रहे हेमराज निषाद ने सरेंडर कर दिया।
चूंकि हत्या की घटना उरला थाना क्षेत्र की बताई गई, इसलिए धरसींवा पुलिस ने तीनों आरोपियों को उरला पुलिस के हवाले कर दिया।
एक जमीन की रकम ने रिश्तों को बना दिया खूनी
Raipur Murder Case ने रिश्तों को झकझोर कर रख दिया है। जिस दामाद को परिवार का हिस्सा माना जाता था, उसी पर ससुर की हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे तथा वारदात की पूरी साजिश कैसे रची गई।
