धर्मांतरण के आरोप पर जमकर बवाल, ‘चंगाई सभा’ की सूचना पर पहुंचे हिंदू संगठन, पुलिस के साथ तीखी झड़प के बाद दी आंदोलन की चेतावनी!
छत्तीसगढ़ में कथित धर्मांतरण के मामलों को लेकर माहौल एक बार फिर गरमा गया है। धमतरी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत टिकरापारा इलाके में रविवार को ‘चंगाई सभा’ के आयोजन को लेकर जमकर बवाल हुआ। किराए के एक मकान में चल रहे इस आयोजन की जानकारी मिलते ही हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
40 से अधिक लोग थे मौजूद, दोनों पक्ष आमने-सामने
हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों के अनुसार, टिकरापारा स्थित किराए के मकान में बाहर से लोगों को बुलाकर चंगाई सभा आयोजित की जा रही थी। संगठन का दावा है कि इस सभा में 40 से अधिक लोग शामिल थे, जिन्हें बीमारी ठीक करने और अन्य प्रलोभन देकर धर्मांतरण के लिए प्रेरित किया जा रहा था। विरोध बढ़ता देख मकान के भीतर मौजूद लोग भी बाहर निकल आए, जिसके बाद दोनों पक्षों में तीखी बहस और नारेबाजी होने लगी, जिससे इलाके में तनाव फैल गया।
पुलिस के साथ हुई तीखी बहस
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इस दौरान तुरंत कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी झड़प और बहस हो गई।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
हिंदू जागरण मंच ने साफ कर दिया है कि अगर जिले में चंगाई सभा की आड़ में चल रहे कथित धर्मांतरण के खेल पर सख्त रोक नहीं लगाई गई, तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
जांच के बाद होगी कार्रवाई: पुलिस
इधर पुलिस प्रशासन का कहना है कि मौके पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। अधिकारियों के मुताबिक मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है। सभा में क्या-क्या गतिविधियां संचालित हो रही थीं, आयोजन के लिए पूर्व अनुमति ली गई थी या नहीं और लगाए गए आरोपों में कितनी सत्यता है, इन सभी पहलुओं की जांच के बाद ही वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
