ओबामा का राष्ट्रपति ट्रंप पर बड़ा हमला: बोले- जनता के पैसे से ऐसी खुलेआम हेराफेरी कभी नहीं देखी
वाशिंगटन। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने वर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रिपब्लिकन प्रशासन के खिलाफ जोरदार सियासी हमला बोला है। मिडवेस्ट के दो अहम राज्यों, ओहियो और मिशिगन में डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों के पक्ष में मध्यावधि चुनाव प्रचार करते हुए ओबामा ने ट्रंप के दूसरे कार्यकाल को “अफरा-तफरी, क्रूरता, भ्रष्टाचार और अक्षमता” का दौर करार दिया। उन्होंने मतदाताओं से 3 नवंबर को होने वाले मतदान के जरिए ट्रंप प्रशासन की नीतियों पर ‘सर्किट ब्रेकर’ लगाने का आह्वान किया।
‘एक ऐसा युद्ध शुरू किया जिसकी किसी को जरूरत नहीं थी’
ओहियो के क्लीवलैंड में एक बड़ी चुनावी रैली को संबोधित करते हुए 65 वर्षीय डेमोक्रेट नेता ने ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजरायल सैन्य संघर्ष को लेकर ट्रंप की विदेश नीति की कड़ी निंदा की। ओबामा ने कहा, “मौजूदा राष्ट्रपति ने कई गलत फैसले लिए हैं, लेकिन सबसे बड़ी गलती एक ऐसा अनावश्यक युद्ध शुरू करने का फैसला था जिसकी किसी को भी जरूरत नहीं थी।”
ओबामा ने मतदाताओं से रिपब्लिकन पार्टी को सत्ता से बाहर करने की अपील करते हुए कहा कि दो वर्षों की अराजकता, क्रूरता, भ्रष्टाचार और अयोग्यता के बाद अब जनता के पास यह कहने का वक्त आ गया है कि “बस, अब बहुत हो चुका।”
‘जनता के पैसे की ऐसी खुलेआम हेराफेरी पहले कभी नहीं देखी’
ओहियो के बाद शनिवार शाम को मिशिगन पहुंचे ओबामा ने डेट्रॉइट में सीनेट पद के उम्मीदवार अब्दुल अल-सैयद और गवर्नर पद की डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जोसलिन बेन्सन के समर्थन में रैली की। इस दौरान उन्होंने वित्तीय जवाबदेही पर ट्रंप प्रशासन को घेरते हुए कहा, “हमने अपने इतिहास में पहले कभी ऐसा राष्ट्रपति नहीं देखा, जो जनता के पैसों से इस तरह खुलेआम धांधली या हेराफेरी करता हो।”
उन्होंने तीखा तंज कसते हुए कहा कि आज रिपब्लिकन पार्टी का मतलब भ्रष्ट सरकार, अयोग्य सरकार या फिर बिल्कुल ही निष्क्रिय सरकार बनकर रह गया है।
ईरान युद्ध के दावों की उड़ाई खिल्ली, होर्मुज पर जताई चिंता
ओबामा ने ईरान संघर्ष में ट्रंप प्रशासन द्वारा किए जा रहे जीत के दावों का उपहास उड़ाया। उन्होंने रणनीतिक पहलू सामने रखते हुए तर्क दिया कि इस युद्ध ने ईरान को कमजोर करने के बजाय उसे और अधिक आर्थिक ताकत दे दी है। होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल टैंकरों पर हमले की धमकियों ने अंतरराष्ट्रीय तेल निर्यातकों को भयभीत कर दिया है। ओबामा के अनुसार कि अब होर्मुज जलडमरूमध्य पर एक तरह से ईरान का वीटो पावर स्थापित हो गया है, जहां से होकर दुनिया भर का प्रमुख तेल व्यापार गुजरता है।
इसके साथ ही, पूर्व राष्ट्रपति ने ओहियो के गवर्नर पद के चुनाव का भी उल्लेख किया, जहां रिपब्लिकन उम्मीदवार विवेक रामास्वामी द्वारा डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी एमी एक्टन के खिलाफ जारी किए गए तीखे और विवादास्पद विज्ञापनों को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है।
