CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में त्योहारी सीजन के बीच मौसम का बड़ा उलटफेर, बंगाल की खाड़ी से आ रहा चक्रवाती तूफान, 27-28 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी
CG Weather Update: दीपावली के त्योहारी सीजन के बीच छत्तीसगढ़ के मौसम में अचानक बड़ा उलटफेर देखने को मिलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब (Depression) के चक्रवाती तूफान में बदलने की प्रबल संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि इसका सीधा असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ेगा, जिससे प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
27 और 28 अक्टूबर को मूसलाधार बारिश की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, यह चक्रवाती तूफान 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश के बापटला और विशाखापत्तनम के बीच तटीय क्षेत्र से टकरा सकता है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के दक्षिणी और मध्य हिस्सों, विशेष रूप से बस्तर संभाग और आंध्र प्रदेश से लगे सीमावर्ती जिलों में 27 और 28 अक्टूबर को लगातार दो दिनों तक भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और हवाएं चलने की भी संभावना है।
किसानों और धान की फसल पर संकट
प्रदेश में इस समय धान की कटाई का सीजन जोरों पर है। ऐसे में बेमौसम बारिश से खेतों में पकी खड़ी फसल और कटाई के बाद खलिहानों में रखी उपज को भारी नुकसान पहुंचने का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए ही कटाई और फसल के सुरक्षित भंडारण की योजना बनाएं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बस्तर संभाग समेत आंध्र प्रदेश से लगे सीमावर्ती जिलों में स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
