भोपाल ISBT में अग्निकांड: वर्मा ट्रेवल्स की 3-4 बसें आग में खाक, परिसर में मची भगदड़
भोपाल। राजधानी भोपाल के हबीबगंज अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) पर रविवार शाम भीषण आग लग गई। ISBT परिसर में खड़ी ‘वर्मा ट्रेवल्स’ की 3 से 4 बसें अचानक आग की चपेट में आ गईं।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसमान में काले धुएं का भारी गुबार छा गया। ऊंची लपटों को देखकर बस स्टैंड पर मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद लपटों को काबू किया और पास खड़ी अन्य दर्जनों बसों को आग की जद में आने से बचा लिया।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, ISBT यार्ड में बसें खाली खड़ी थीं, जिससे किसी जनहानि की सूचना नहीं है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, जिसकी जांच जारी है।
