दिल्ली में बड़ा हादसा: सत्य निकेतन में ताश के पत्तों की तरह ढही 5 मंजिला इमारत, मलबे में दबे दर्जनों छात्र; चीख-पुकार!
नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के मोतीबाग स्थित सत्य निकेतन इलाके में दोपहर करीब 1:30 बजे एक बड़ा हादसा हो गया, जहां 5 मंजिला एक इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। यह इमारत ‘हॉस्टल डेज़’ नाम से संचालित लड़कों का पीजी थी। इमारत गिरने से ठीक बगल में स्थित एक अन्य इमारत भी इसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के वक्त कई छात्र अपने कमरों में मौजूद थे, जिनके मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है।
घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन तेज
दमकल विभाग को सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और आपदा राहत की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। चश्मदीदों के मुताबिक, इमारत गिरते ही चारों तरफ धूल का गुबार और चीख-पुकार मच गई। मलबे से अब तक कुछ छात्रों को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया है, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।
रजिस्ट्रेशन रिकॉर्ड से होगी छात्रों की पहचान
स्थानीय लोगों का कहना है कि पीजी में रहने वाले छात्रों की सही संख्या का पता हॉस्टल के रजिस्ट्रेशन रिकॉर्ड की जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल राहत एवं बचाव दल मलबे को हटाने और फंसे हुए छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर जुटा हुआ है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
