‘छात्रों की जिंदगी पहले से संघर्ष भरी थी, अब जानलेवा हो गई!’ सत्य निकेतन हादसे पर भड़के राहुल गांधी, एम्स ने की 1 मौत की पुष्टि!
नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के मोतीबाग स्थित सत्य निकेतन में 5 मंजिला ‘हॉस्टल डेज़’ पीजी की इमारत ढहने के भीषण हादसे पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गहरा दुख और चिंता व्यक्त की है। राहुल गांधी ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्रों के मलबे में दबने की घटना को हृदयविदारक बताते हुए उच्च शिक्षण संस्थानों में हॉस्टल की भारी कमी और पेइंग गेस्ट (PG) के अमानवीय हालातों पर सीधा हमला बोला है। वहीं, इस हादसे के बाद एम्स (AIIMS) के जय प्रकाश नारायण एपेक्स ट्रॉमा सेंटर ने एक मरीज की मौत और दो अन्य की हालत बेहद नाजुक होने की पुष्टि की है।
’40-40 छात्र एक छत के नीचे रहने को मजबूर’
हादसे पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने कहा, “सत्य निकेतन में इमारत ढहने की खबर बेहद दर्दनाक और चिंताजनक है। छात्रों का जीवन पहले ही संघर्षों से भरा था, अब हालात जानलेवा हो चुके हैं। कॉलेज या विश्वविद्यालय में अच्छे हॉस्टल न होने के कारण छात्र पीजी में एक छत के नीचे 40-40 की संख्या में अमानवीय परिस्थितियों में रहने को मजबूर हैं। हर छात्र की जान कीमती है और उसकी रक्षा हर हाल में होनी चाहिए।”
राहुल गांधी ने NDRF, दिल्ली फायर सर्विस और सभी बचाव दलों से मलबे में फंसे अंतिम छात्र तक तेजी से पहुंचने और घायलों को सर्वोत्तम इलाज मुहैया कराने की अपील की। उन्होंने यह भी बताया कि कांग्रेस और एनएसयूआई (NSUI) के कार्यकर्ता ग्राउंड जीरो पर मौजूद हैं और पीड़ितों व उनके परिवारों की हर संभव सहायता कर रहे हैं।
एम्स ट्रॉमा सेंटर का मेडिकल बुलेटिन: 1 की मौत, 2 की हालत नाजुक
इमारत ढहने के बाद घायलों को तत्काल अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के जय प्रकाश नारायण एपेक्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। एम्स द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, अस्पताल में कुल चार मरीज लाए गए थे। इनमें से एक मरीज को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था, जबकि दो अन्य छात्रों की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है और वे आईसीयू में भर्ती हैं। अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि घायल मरीजों में एक बचावकर्मी भी शामिल था, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। मलबे को हटाने और फंसे हुए अन्य लोगों की तलाश में राहत कार्य लगातार जारी है।
दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत ढहने की खबर बेहद दर्दनाक और चिंताजनक है। कई लोगों के मलबे में दबे होने की खबर है, जिनमें दिल्ली यूनिवर्सिटी के कई छात्र भी शामिल हैं।
मेरी अपील है कि NDRF, दिल्ली फायर सर्विस और सभी बचाव दल हर संभव प्रयास करके हर एक छात्र तक पहुँचें, घायलों को… https://t.co/uQi7H8HPra
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) September 6, 2026
