कांग्रेस की नई टीम का ऐलान: पूर्व सीएम भूपेश बघेल का राष्ट्रीय कद बढ़ा, छत्तीसगढ़ में नए प्रभारी की एंट्री से बदले समीकरण
रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने संगठनात्मक ढांचे को धार देने के लिए राज्यों के प्रभारियों और महासचिवों की जिम्मेदारियों में बड़ा फेरबदल किया है। इस संगठनात्मक सर्जरी में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को अहम राष्ट्रीय जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी हाईकमान ने बघेल को असम का एआईसीसी महासचिव प्रभारी नियुक्त किया है। पांच वर्षों तक छत्तीसगढ़ में सरकार चलाने वाले भूपेश बघेल अब पूर्वोत्तर के अहम राज्य असम में पार्टी संगठन को पुनर्जीवित करने का जिम्मा संभालेंगे।
सुखदेव भगत होंगे छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नए प्रभारी
छत्तीसगढ़ में पार्टी संगठन की कमान अब झारखंड के वरिष्ठ नेता और लोहरदगा से लोकसभा सांसद सुखदेव भगत के हाथों में होगी। सुखदेव भगत ने 2024 के आम चुनाव में लोहरदगा (एसटी) सीट से जीत दर्ज की थी। सांगठनिक अनुभव रखने वाले भगत अब छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस को मैदानी स्तर पर दोबारा मजबूत करने की रणनीति पर काम करेंगे।
सचिन पायलट को पंजाब, सुरजेवाला को गुजरात और कर्नाटक
फेरबदल के तहत पार्टी के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला को गुजरात का महासचिव प्रभारी नियुक्त किया गया है, साथ ही उन्हें कर्नाटक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं, राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को पंजाब कांग्रेस का नया महासचिव प्रभारी बनाया गया है। इसके अतिरिक्त डॉ. सिरीवेला प्रसाद को महाराष्ट्र और पी.वी. मोहन को आंध्र प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
तीन वरिष्ठ नेताओं की छुट्टी, मुकुल वासनिक का पद बरकरार
इस बड़े बदलाव में पार्टी ने तीन वरिष्ठ नेताओं—जितेंद्र सिंह, रमेश चेन्निथला और मणिकम टैगोर को महासचिव/प्रभारी पद से मुक्त कर दिया है। वहीं, पार्टी के वरिष्ठ रणनीतिकार मुकुल वासनिक एआईसीसी महासचिव के पद पर अपनी सेवाएं यथावत जारी रखेंगे। कांग्रेस आलाकमान का यह कदम आगामी चुनावों के मद्देनजर राज्यों में संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

