PoK Protest: पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में भारत से जुड़ने की उठी मांग, पाकिस्तानी सेना ने चलाई गोलियां

JAAC प्रमुख सरदार अमन खान ने श्रीनगर समेत पूरे कश्मीर से मांगा समर्थन, कहा- खाने-पीने की सप्लाई और दवाइयों के रास्ते बंद

PoK protest : पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के लोगों ने भारत के साथ मिलने की सहमति जताई है। पाकिस्तानी सेना की दमनकारी नीति और अपनी मांगों को लेकर PoK के कश्मीरी पिछले 26 दिन से धरने पर बैठे हैं। पाकिस्तानी रेंजर्स और पुलिस की गोलीबारी भी प्रदर्शनकारियों का हौसला नहीं तोड़ पा रही है।

इसी बीच जम्मू-कश्मीर ज्वाइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) के मुख्य सदस्य सरदार अमन खान ने वीडियो संदेश जारी कर आज होने वाले विरोध प्रदर्शन में ज्यादा से ज्यादा लोगों से शामिल होने की अपील की है। साथ ही उन्होंने भारत के नागरिकों, खासकर श्रीनगर के लोगों से विरोध प्रदर्शन का समर्थन करने की अपील की है।

 ‘हां, LoC की तरफ बढ़ो’ 80 हजार लोगों ने दिया जवाब

सरदार अमन खान ने भारत के साथ फिर से एक होने का इशारा करते हुए पीओके के लोगों से पूछा कि क्या LoC की तरफ आगे बढ़ा जाए। रावलकोट के ईदगाह मैदान पर बैठी 80 हजार जनता ने कई बार ‘हां’ में जवाब दिया। अमन खान ने पाकिस्तानी हुकूमत को चेतावनी दी कि अगर पीओके के लोगों को उनकी मांगों के बदले गोली मिलती है तो पीओके के लोगों के पास बहुत सारे रास्ते हैं।

वीडियो में सरदार अमन खान कहते हैं, “इस संदेश के जरिए मैं कश्मीर घाटी के लोगों, खासकर श्रीनगर के लोगों से बात कर रहा हूं। हम राजौरी, जम्मू, लद्दाख, करगिल, गिलगित-बाल्टिस्तान और पूरे राज्य के लोगों से बात कर रहे हैं।”

 खाने-पीने की सप्लाई बंद, दवाइयों के रास्ते भी बंद

अमन खान ने कहा कि पीओके में खाने-पीने में बेहद ज्यादा किल्लत होने के कारण वहां के लोगों ने भारत से मदद की मांग की है। उन्होंने कहा, “इस बेहद मुश्किल दौर में हमारे खाने-पीने की चीजों की सप्लाई और दवाइयों के रास्ते बंद कर दिए गए हैं। यहां के शासक और सुरक्षा बल हमारे सांस लेने तक पर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं और सवाल उठा रहे हैं कि यहां के लोग सांस क्यों ले रहे हैं।”

पीओके के नेताओं ने राजौरी, जम्मू, लद्दाख से भी समर्थन मांगा है।

 पाकिस्तानी सेना की गोलीबारी, 11 लोग घायल

पाकिस्तानी सेना के क्रूर दमन का एक और वीडियो वायरल हुआ है। रावलकोट के ईदगाह मैदान से आई तस्वीरों में साफ-साफ दिख रहा है कि किस तरह सुबह साढ़े 4 बजे पाकिस्तानी रेंजर्स और पीओके पुलिस प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग कर रही है। इस गोलीबारी में 11 लोग घायल हुए हैं।

यह अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा का विषय बन गया है। फिलहाल, पीओके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े हैं।

 

Youthwings