नाटो शिखर सम्मेलन से पहले रूस का कीव पर रातभर हमला, बैलिस्टिक मिसाइल-ड्रोन से किया कहर, 8 लोगों की मौत
कीव में रातभर गूंजते रहे धमाके, मेट्रो स्टेशनों में शरण लेते रहे लोग, जेलेंस्की को पहले से थी जानकारी
कीव। रूस और यूक्रेन के बीच 4 साल से भी अधिक समय से जारी जंग के बीच NATO शिखर सम्मेलन से ठीक एक दिन पहले रूस ने राजधानी कीव पर मिसाइल और ड्रोन से रातभर हमला किया। इस हमले में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई और 34 से अधिक घायल हो गए। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि बचाव दल रातभर क्षतिग्रस्त इमारतों से निवासियों को बाहर निकालता रहा।
कैसा रहा हमला?
रूस ने सोमवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव पर बैलिस्टिक मिसाइल से जोरदार हमला किया। एक हफ्ते से भी कम समय में यूक्रेनी राजधानी पर यह दूसरा खतरनाक हमला है। शहर भर में धमाकों की आवाजें गूंजती रहीं और आम नागरिक मेट्रो स्टेशनों में शरण लेते रहे।
यूक्रेन की एयर फोर्स ने कहा कि हमले में बैलिस्टिक मिसाइल, ड्रोन और क्रूज मिसाइल शामिल थे। हमले के दौरान सुबह-सुबह सेंट्रल कीव में धमाकों की आवाजें सुनी गईं। धमाकों से कुछ देर पहले ही राजधानी में एयर रेड सायरन चालू कर दिए गए थे।

जेलेंस्की को पहले से थी जानकारी
सूत्रों के अनुसार, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की को इंटेलिजेंस से पता चल गया था कि रूस एक बड़ा हमला करने वाला है, इसलिए जेलेंस्की ने रविवार को ही आगाह कर दिया था, जिसके बाद सोमवार की सुबह यह हमला किया गया।
क्या है नाटो शिखर सम्मेलन?
यह हमला NATO शिखर सम्मेलन से ठीक एक दिन पहले किया गया है, जहां 75वीं वर्षगांठ समारोह में यूक्रेन की NATO सदस्यता पर चर्चा होने वाली है। इस शिखर सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की और UK के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर समेत 40 से अधिक देशों के नेता शामिल होंगे।
Read more-
Russia Ukraine War: रूस का कीव पर भीषण मिसाइल और ड्रोन हमला, 17 की मौत; 90 से अधिक घायल
