‘हम पाकिस्तान का हिस्सा नहीं’ PoK में पाकिस्तान के खिलाफ बगावत! 80 हजार लोगों ने लगाए आजादी के नारे

सरदार अमन खान ने लगाया आरोप- पाकिस्तान सेना ने ही कश्मीरियों को दिए थे हथियार.. पाकिस्तानी रक्षा मंत्री के ‘असल कश्मीरी’ बयान के बाद आंदोलन भड़का

PoK protest : पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में पाकिस्तान सरकार और पाकिस्तानी सेना के खिलाफ लोगों ने खुली बगावत छेड़ दी है। सरकार विरोधी आंदोलन के 24वें दिन जम्मू-कश्मीर अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) की अगुआई में रावलकोट के ईदगाह ग्राउंड में हजारों लोग जुटे। इस दौरान लोगों ने ‘हम पाकिस्तान का हिस्सा नहीं है’ का नारा लगाया। यह पिछले कुछ दशकों में पीओके में सबसे बड़ा जनआंदोलन है।

गुरुवार को आंदोलन के 24वें दिन रावलकोट के ईदगाह मैदान में करीब 80 हजार लोग जुटे। प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान सरकार के खिलाफ नारे लगाए और अपने अधिकारों की मांग दोहराई।

 अमन खान का आरोप – ‘पाकिस्तान सेना ने ही हमें हथियार दिए’

संयुक्त अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) के प्रमुख सरदार अमन खान ने रैली को संबोधित करते हुए पाकिस्तान सेना पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कश्मीरियों को हथियार और गोला-बारूद पाकिस्तान सेना ने ही दिए थे, लेकिन अब वही लोग उन्हें आतंकवादी कह रहे हैं।

वहीं JAAC नेता ने कहा, “हमें आपके राशन की जरूरत नहीं, आपको हमारी जरूरत है। अगर जरूरी सामान की सप्लाई बंद रही तो लोग जिंदा रहने के लिए दूसरा रास्ता चुनने को मजबूर होंगे।” उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इन मांगों को जल्द नहीं माना तो आंदोलन केवल सुधारों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पाकिस्तान से पूरी तरह अलग होने की मांग तक पहुंच सकता है।

1 करोड़ के इनामी समेत 600 गिरफ्तार

पीओके के आंदोलन को कुचलने के लिए पाकिस्तान सेना ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है। पाकिस्तान सेना (ISPR) ने ₹1 करोड़ का इनामी शौकत नवाज मीर को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि JAAC के 600 से ज्यादा नेता और कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया है।

आंदोलन महंगाई, खाद्य संकट, बढ़ती कीमतों और स्थानीय प्रशासन के मुद्दों को लेकर शुरू हुआ था। अब यह पाकिस्तान सरकार के खिलाफ राजनीतिक विरोध का रूप ले चुका है।

 ख्वाजा आसिफ के ‘असल कश्मीरी’ बयान ने बढ़ाया विरोध

हाल ही में पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने रावलकोट और मीरपुर के लोगों को ‘असल कश्मीरी नहीं’ बताया था। इसके बाद विरोध और बढ़ गया। रैली में कुछ वक्ताओं ने पाकिस्तान के नियंत्रण को खारिज करते हुए भारत के साथ बातचीत बढ़ाने की जरूरत भी बताई।

अमन खान ने कहा कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर, पाकिस्तान का हिस्सा नहीं है और इस क्षेत्र की जरूरत पाकिस्तान को ज्यादा है, न कि यहां के लोगों को।

यह अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा का विषय बन गया है। कई देशों में पाकिस्तानी दूतावासों के बाहर प्रदर्शन किए गए हैं। फिलहाल, रावलकोट में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े हैं।

 

Youthwings