कोरबा में हुए बदसलूकी से भड़कीं सपना चौधरी, चार पर FIR दर्ज, कैमरे और DVR सिस्टम गायब, कार्यक्रम में पुलिस सुरक्षा के नहीं थे कोई इंतजाम !
कोरबा : कोरबा में मशहूर हरियाणवी डांसर और सिंगर सपना चौधरी के कार्यक्रम के दौरान शनिवार देर रात बड़ा हंगामा हो गया। बताया जा रहा है कि निजी होटल में आयोजित शो के दौरान सपना चौधरी की बेइज्जती की गई और उनके बाउंसरों के साथ मारपीट की गई। मामला गंभीर होने पर सपना चौधरी ने कोरबा एसपी से बात की और चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
अचानक बंद हुआ कार्यक्रम
सूत्रों के मुताबिक, सपना चौधरी का कार्यक्रम करीब तीन घंटे तक चलना था, लेकिन किसी विवाद के चलते सिर्फ आधे घंटे में ही शो बंद कर दिया गया। शो रुकते ही आयोजकों और सुरक्षा कर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक और हाथापाई की नौबत आ गई।
सुरक्षा में चूक और DVR गायब होने का आरोप
सपना चौधरी ने पुलिस को बताया कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे, जिससे अव्यवस्था फैल गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आयोजकों ने होटल से कैमरे और DVR सिस्टम गायब कर दिए, ताकि घटना के सबूत मिटाए जा सकें।
मंत्री भी आने वाले थे कार्यक्रम में
जानकारी के अनुसार, इस कार्यक्रम में राज्य सरकार के मंत्री लखन देवांगन को भी शामिल होना था, लेकिन इससे पहले ही माहौल बिगड़ गया और कार्यक्रम को बीच में ही खत्म करना पड़ा।
सपना ने दर्ज कराई FIR
सपना चौधरी ने इस पूरे मामले में चार लोगों — अमित नवरंगलाल, अनिल द्विवेदी, युगल शर्मा और सुजल अग्रवाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच जारी
घटना के बाद देर रात तक होटल परिसर में पुलिस की टीम मौके पर मौजूद रही और CCTV फुटेज की तलाश जारी है। फिलहाल सपना चौधरी सुरक्षित हैं। उन्होंने आगे कहा कि इस तरह की सुरक्षा चूक और बदसलूकी छत्तीसगढ़ में पहले भी हो चुकी है, जब तक आयोजक उचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित नहीं करेंगे, तब तक वे छत्तीसगढ़ के किसी कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लेंगी।




