‘मोहन भागवत को जज बना दीजिए, मुझे मंजूर है…’ राहुल गांधी ने फिर दी PM मोदी को खुली बहस की चुनौती

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए आमने-सामने बैठकर खुली बहस करने की अपनी चुनौती को एक बार फिर दोहराया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर हाथ में एक लाल गुलाब का फूल लिए वीडियो साझा करते हुए कांग्रेस सांसद ने कहा कि उन्हें चुनौती दिए 24 घंटे बीत चुके हैं, लेकिन अब तक प्रधानमंत्री की तरफ से कोई जवाब नहीं आया है। राहुल गांधी ने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री बहस के लिए अपनी पसंद की कोई भी जगह चुन सकते हैं और वे किसी भी मंच पर उनके सवालों का सामना करने के लिए तैयार हैं।

‘देशद्रोही कौन और किसका विदेशी कनेक्शन, सामने बैठकर हो फैसला’

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर विपक्ष को लांछित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अक्सर विपक्ष को कटघरे में खड़ा किया जाता है। उन्होंने वीडियो में कहा कि जब यह आरोप लगाया जाता है कि विपक्ष देशद्रोही है और उसके विदेशी ताकतों से संबंध हैं, तो फिर इस पर जनता के सामने सीधी बहस होनी चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि वास्तव में देशद्रोही कौन है, विदेशी ताकतों से किसका और किस प्रकार का संबंध है, यह बात देश के सामने स्पष्ट होनी चाहिए। कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री को इस मुद्दे से बचना नहीं चाहिए और जल्द से जल्द तारीख और मंच तय करना चाहिए।

‘सामने टेबल होगी, आप चाहें तो मोहन भागवत को जज बना दीजिए’

बहस का प्रारूप समझाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वे चाहते हैं कि दोनों नेता एक ही टेबल के आमने-सामने बैठें, जहां देश का मीडिया और युवा मौजूद हों। उन्होंने यहां तक पेशकश कर दी कि इस बहस की निष्पक्षता तय करने के लिए प्रधानमंत्री जिसे चाहें मध्यस्थ या जज बना सकते हैं। राहुल ने कहा कि यदि प्रधानमंत्री चाहें तो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत को ही इस डिबेट का निर्णायक बना दें, उन्हें इसमें भी कोई आपत्ति नहीं होगी।

‘मुझ पर 45 मानहानि के केस हैं, इस पर भी कर दीजिए’

राहुल गांधी ने कानूनी मुकदमों का जिक्र करते हुए कहा कि उनके खिलाफ पहले से ही करीब 45 मानहानि के मुकदमे दर्ज कराए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि जब अन्य छोटी-छोटी बातों पर मानहानि के केस हो सकते हैं, तो विदेशी ताकतों से कनेक्शन के गंभीर आरोपों पर मानहानि का मुकदमा क्यों नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इस पर भी मानहानि का केस दर्ज करवाएं ताकि अदालत से लेकर जनता के बीच तक खुलकर इस पर चर्चा हो सके। वीडियो के अंत में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए अपनी बात समाप्त की।

Youthwings