महादेव सट्टा ऐप मामले में सौरभ चंद्राकर की बढ़ीं मुश्किलें, 8 दिन तक CBI करेगी पूछताछ, विजय शर्मा ने कांग्रेस को घेरा

सौरभ चंद्राकर

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में जांच एजेंसियों ने अब आरोपी सौरभ चंद्राकर पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। विशेष CBI अदालत ने सौरभ को 8 दिनों की रिमांड पर जांच एजेंसी के हवाले कर दिया है। इस फैसले के बाद CBI को उससे विस्तार से पूछताछ करने का मौका मिल गया है। जांच टीम अब उसे दिल्ली स्थित अपने मुख्यालय ले जाकर मामले से जुड़े सवालों के जवाब तलाशेगी।

बुधवार को CBI की टीम सौरभ चंद्राकर को लेकर विशेष अदालत पहुंची। कोर्ट में पेश करने से पहले उसकी मेडिकल जांच कराई गई। इसके बाद विशेष न्यायाधीश मनोज सिंह ठाकुर की अदालत में उसकी पेशी हुई। सौरभ की पेशी को देखते हुए कोर्ट परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए रही।

पूछताछ के लिए CBI ने अदालत से 14 दिनों की रिमांड मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने 8 दिन की अनुमति दी। अब जांच एजेंसी इस दौरान महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े कथित नेटवर्क, लेनदेन और अन्य आरोपों की कड़ियां जोड़ने की कोशिश करेगी। सौरभ चंद्राकर से पूछताछ को इस मामले की जांच में अहम माना जा रहा है।

सौरभ की कार्रवाई पर सियासी घमासान, कांग्रेस को विजय शर्मा का जवाब

महादेव सट्टा ऐप मामले में CBI की कार्रवाई के बीच छत्तीसगढ़ में राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। कांग्रेस भाजपा पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगा रही है। पार्टी का कहना है कि इस मामले में कार्रवाई को लेकर भाजपा की भूमिका पर सवाल उठते हैं।

कांग्रेस के इन आरोपों पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि महादेव सट्टा ऐप मामले में कांग्रेस के नेताओं के नाम भी सामने आए हैं। विजय शर्मा ने कांग्रेस के आरोपों को ‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे’ जैसी स्थिति बताया। उनका कहना है कि कांग्रेस खुद घोटालों में डूबी हुई है, जबकि जांच एजेंसियां मामले की पूरी सच्चाई सामने लाने में जुटी हैं।

‘मोदी नहीं जाएंगे कहीं, ब्रो’, विजय शर्मा के बयान की चर्चा

इसी बीच उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का सोशल मीडिया पोस्ट भी सुर्खियों में आ गया है। उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘मोदी नहीं जाएंगे कहीं, ब्रो।’ इस टिप्पणी के जरिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कांग्रेस की राजनीतिक बयानबाजी पर निशाना साधा।

विजय शर्मा ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जाने वाले हैं और अगले कार्यकाल में जनता उन्हें पहले से ज्यादा बहुमत के साथ सत्ता में वापस लाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दुष्प्रचार से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला।

फिलहाल महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में CBI की जांच जारी है। सौरभ चंद्राकर से 8 दिनों की पूछताछ के दौरान जांच एजेंसी किन पहलुओं पर जानकारी जुटाती है और मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सबकी नजर रहेगी।

Youthwings