अग्निवीरों को केंद्र का बड़ा दिवाली गिफ्ट: बढ़ेगी सेवा अवधि, पक्की नौकरी का खुला रास्ता

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में अग्निवीरों के हित में एक बड़ा फैसला लिया गया है। केंद्र सरकार ने अग्निवीरों को बड़ा दिवाली तोहफा देते हुए उनकी सेवा अवधि को दो साल के लिए बढ़ाने का ऐलान किया है। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एन एस राजा सुब्रमणि ने इस फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि अग्निवीरों को अब दो साल का अतिरिक्त इंगेजमेंट पीरियड मिलेगा। इस दो साल के कार्यकाल के पूरा होने के बाद ऑब्जेक्टिव सेलेक्शन प्रक्रिया के जरिए उन्हें सशस्त्र बलों में नियमित भर्ती का मौका दिया जाएगा। सरकार का यह कदम ऐसे समय में सामने आया है जब करीब 18,000 अग्निवीरों का पहला बैच कुछ ही हफ्तों के भीतर सशस्त्र बलों से सेवामुक्त होने वाला था।

कैबिनेट का बड़ा फैसला और सीडीएस का बयान

चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एन एस राजा सुब्रमणि ने कहा कि आज का दिन भारतीय रक्षा बलों और देश के अग्निवीरों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। कैबिनेट ने सभी अग्निवीरों के लिए भारतीय रक्षा बलों में शामिल होने का रास्ता खोल दिया है। उन्होंने बताया कि ‘अग्निपथ’ योजना 14 जून 2022 को शुरू की गई थी और उस समय यह स्पष्ट किया गया था कि अग्निवीरों के प्रदर्शन का लगातार मूल्यांकन किया जाएगा और समय-समय पर इस योजना की समीक्षा होगी। सीडीएस ने कहा कि सभी अग्निवीरों को सशस्त्र बलों में अपनी सेवा जारी रखने का अवसर दिया जाएगा, जो उनके प्रदर्शन और उसके आकलन पर निर्भर करेगा।

पहले बैच के प्रदर्शन पर मिला सकारात्मक फीडबैक

सीडीएस ने जानकारी दी कि अग्निवीरों का पहला बैच अब अपना चार साल का कार्यकाल पूरा करने के करीब है। इन चार वर्षों में किए गए प्रदर्शन मूल्यांकन के आधार पर उनके काम को लेकर बेहद सकारात्मक फीडबैक मिला है। उन्होंने कहा कि मूल योजना के तहत योग्यता और मेरिट के आधार पर 25 फीसदी अग्निवीरों को नियमित सेना में शामिल किया जाना तय था, जबकि बाकी 75 फीसदी अग्निवीरों के लिए यह प्रावधान था कि वे अनुशासित और प्रेरित युवाओं के रूप में समाज में वापस लौट जाएंगे।

75 फीसदी अग्निवीरों को 2 साल का एक्सटेंशन

इस अपडेट की गई योजना के तहत अब बाकी बचे 75 फीसदी अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त कार्यकाल दिया जाएगा। इन दो वर्षों के पूरा होने पर जो भी जवान इच्छुक होंगे, उन्हें एक तय चयन प्रक्रिया के आधार पर सशस्त्र बलों में नियमित रूप से शामिल कर लिया जाएगा। सीडीएस ने कहा कि कैबिनेट ने सभी अग्निवीरों के लिए डिफेंस फोर्स में अब्जॉर्ब होने का रास्ता बना दिया है। इस तरह 75 फीसदी अग्निवीरों को 2 साल का एक्सटेंशन मिलेगा, जिससे उनकी सैलरी भी बढ़ेगी और उन्हें अपनी नौकरी पक्की करने का एक और बेहतरीन मौका मिलेगा।

Youthwings