होटल, बार, ढाबा, पब को नोटिस, 12 बजे बाद खुले तो होगी सख्त कार्रवाई
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के तेलीबांधा इलाके में स्थित जूक क्लब में हाल ही में एक युवक को आधा दर्जन बदमाशों ने बेरहमी से पीटा। मारपीट का पूरा वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे आरोपी हाथ-पैरों से उस व्यक्ति पर हमला कर रहे हैं।
आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी
पुलिस जांच में सामने आया कि इस घटना में भिलाई के प्रखर चंद्राकर, पुलकित चंद्राकर और उनके साथी शामिल थे। विवाद पुराने हैं, जो अज्जू पांडे से बहस के बाद मारपीट में बदल गया। पुलिस ने मामले में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। प्रखर चंद्राकर के खिलाफ भिलाई में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस का सख्त रुख और बार-रेस्टोरेंटों को नोटिस
घटना के बाद तेलीबांधा पुलिस ने इलाके के सभी बार, पब, होटल और ढाबों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय पर बंद करने का आदेश दिया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अगर कोई भी संचालक नियम का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। यह कदम शहर में बढ़ती हिंसा को रोकने और सुरक्षा बढ़ाने के लिए उठाया गया है।
