Raipur Salem School Controversy: धर्मांतरण के आरोपों पर स्कूल में बजरंग दल का हंगामा, पुलिस से झड़प

Raipur Salem School Controversy: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में स्थित सालेम स्कूल के बाहर मंगलवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ता अचानक स्कूल गेट पर एकत्र हो गए। प्रदर्शनकारियों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए माहौल को गरमा दिया।

धर्मांतरण और फंड के दुरुपयोग के आरोप

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि स्कूल में आने वाले फंड का इस्तेमाल कथित तौर पर धर्मांतरण गतिविधियों में किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि स्कूल प्रशासन अपने संसाधनों का गलत उपयोग कर रहा है और इस मामले में तत्काल जांच और एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग स्कूल के मुख्य गेट पर नारेबाजी करते नजर आए, जिससे इलाके में तनाव फैल गया।

पुलिस ने संभाली स्थिति, भारी बल तैनात

स्थिति बिगड़ती देख सिविल लाइन क्षेत्र की एसीपी और कई थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए स्कूल के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कया गया।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों और स्कूल परिसर के बीच सुरक्षा घेरा बनाकर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।

झड़प और धक्का-मुक्की से बढ़ा तनाव

उस समय माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया जब कुछ प्रदर्शनकारी स्कूल परिसर में घुसने की कोशिश करने लगे। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और हल्की झड़प की स्थिति बन गई।

हालांकि पुलिस ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित कर लिया और भीड़ को आगे बढ़ने से रोक दिया।

तनावपूर्ण शांति बनी हुई है

घटना के बाद स्कूल के बाहर अभी भी तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है और पुलिस लगातार इलाके पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

जांच की मांग तेज

प्रदर्शनकारी संगठन ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और जांच की मांग की है। उनका कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।

Youthwings