दिल्ली में कवरेज के दौरान महिला पत्रकारों से बदसलूकी: पुलिस पर हिरासत में लेकर मारपीट करने का दावा
नई दिल्ली। देश की राजधानी में रिपोर्टिंग के दौरान दो महिला पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार और मारपीट का मामला सामने आया है। गुरुवार को दक्षिणी दिल्ली के साकेत इलाके में कवरेज कर रहीं पत्रकार शाहीन खान और नफीसा खान ने आरोप लगाया है कि दिल्ली पुलिस के जवानों ने उन्हें हिरासत में लिया और उनके साथ मारपीट व मानसिक उत्पीड़न किया। इस पूरे घटनाक्रम पर फिलहाल दिल्ली पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
कवरेज के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, यह घटना साकेत स्थित मैक्स अस्पताल के नए भवन के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान की बताई जा रही है, जहां दोनों पत्रकार कवरेज के लिए पहुंची थीं। पत्रकारों के मीडिया संस्थान द्वारा किए गए पोस्ट के मुताबिक, पत्रकार शाहीन कार्यक्रम में मौजूद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से सवाल पूछने का प्रयास कर रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोका, हिरासत में लिया और थाने ले जाकर उनके साथ मारपीट की।
सोशल मीडिया पर साझा किया वीडियो, लगाए गंभीर आरोप
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें पत्रकार शाहीन खान थाने के भीतर मौजूद नजर आ रही हैं। वीडियो में उन्होंने पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए अपनी साथी पत्रकार नफीसा के शरीर पर चोट के निशान दिखाए। उन्होंने यह भी दावा किया कि नाम जानने के बाद उनके साथ अभद्रता बढ़ाई गई। संस्थान ने इस पूरे घटनाक्रम को गंभीर और डराने वाला बताते हुए प्रेस की स्वतंत्रता पर हमला करार दिया है।
क्या मुख्यमंत्री से सवाल पूछना अब इतना बड़ा अपराध हो गया है कि पत्रकार को पुलिस बेरहमी से पीटेगी?
आज दिल्ली में 4PM की पत्रकार शाहीन के साथ जो हुआ, वह बेहद गंभीर और डराने वाला है.
शाहीन दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से सवाल पूछने की कोशिश कर रही थीं. शाहीन का आरोप है कि इसी… pic.twitter.com/KB3p3kGKDK
— 4PM News Network (@4pmnews_network) September 3, 2026
