लॉरेंस बिश्नोई साहब बोलकर घिरे DCP अभिषेक धानिया: वीडियो वायरल, अब दी ‘स्लिप ऑफ टंग’ की सफाई

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस के ईस्ट जिले के डीसीपी अभिषेक धानिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद प्रशासनिक और सियासी हलकों में विवाद खड़ा हो गया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम के आगे ‘साहब’ लगाने को लेकर डीसीपी चौतरफा घिर गए हैं। विपक्षी नेताओं और सोशल मीडिया यूजर्स ने दिल्ली पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए तीखी प्रतिक्रियाएं दी हैं, जिसके बाद पुलिस अधिकारी को इस पूरे मामले पर अपनी सफाई पेश करनी पड़ी है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जुबान फिसलने से उठा विवाद

दरअसल, कुछ दिनों पहले राजधानी दिल्ली में एक ज्वेलर पर हुई फायरिंग के मामले में दिल्ली पुलिस ने पंजाब से लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया था। इसी मामले को लेकर डीसीपी अभिषेक धानिया मीडिया से मुखातिब थे और प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। ब्रीफिंग के दौरान गिरोह का जिक्र करते हुए डीसीपी के मुंह से लॉरेंस बिश्नोई के लिए ‘साहब’ शब्द निकल गया। इसका वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लोगों ने पुलिस के रुख पर सवाल उठाने शुरू कर दिए।

विपक्षी नेता अभिजीत दीपके ने दिल्ली पुलिस को घेरा

इस बयान को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के नेता अभिजीत दीपके ने दिल्ली पुलिस पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तंज कसते हुए लिखा कि गैंगस्टरों के प्रति दिल्ली पुलिस के मन में जो सम्मान है, काश उसका 10 प्रतिशत शिष्टाचार वे उन छात्रों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के प्रति भी दिखा पाते जो लोकतांत्रिक तरीके से विरोध-प्रदर्शन करते हैं। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस और तेज हो गई।

डीसीपी ने बताया ‘स्लिप ऑफ टंग’

विवाद बढ़ता देख डीसीपी ईस्ट अभिषेक धानिया ने इसे अनजाने में हुई भूल यानी ‘स्लिप ऑफ टंग’ करार दिया है। उन्होंने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि हाल ही में उनकी मुलाकात अपने एक पूर्व वरिष्ठ अधिकारी ओमबीर बिश्नोई से हुई थी। ओमबीर बिश्नोई भी पूर्व में डीसीपी ईस्ट के पद पर तैनात रह चुके हैं और हाल ही में सेवानिवृत्त हुए हैं। डीसीपी के अनुसार, उनके दिमाग में पूर्व अधिकारी का नाम और सम्मान चल रहा था, जिसके चलते जुबान फिसल गई और यह गलती हो गई।

 

Youthwings